Bihar: एमएलसी बनाने का झांसा देकर शिक्षिका का यौन शोषण, अश्लील वीडियो बनाकर 14.81 लाख की ठगी

गया। बिहार के गया जिले से एक महिला शिक्षिका के साथ कथित यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग और लाखों रुपये की ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी (विधान परिषद सदस्य) बनवाने का झांसा देकर एक शिक्षक ने महिला को अपने जाल में फंसाया, उसका अश्लील वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर 14 लाख 81 हजार रुपये ठग लिए।कोर्ट परिवाद के आधार पर कोतवाली थाना में तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

एमएलसी बनाने का सपना दिखाकर जाल में फंसाया

जानकारी के अनुसार पीड़िता गया जिले के चाकंद क्षेत्र की रहने वाली शिक्षिका है। शिकायत में कहा गया है कि बक्सर निवासी शिक्षक प्रकाश ने अपनी ऊंची राजनीतिक पहुंच और प्रभाव का दावा करते हुए उसे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी बनवाने का भरोसा दिलाया।आरोपी ने महिला को एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा और राजनीतिक गतिविधियों तथा बैठकों के नाम पर उससे लगातार संपर्क बनाए रखा।

वाराणसी बुलाकर दिया नशीला पदार्थ

पीड़िता के अनुसार फरवरी 2024 में व्हाट्सएप ग्रुप की बैठक के बहाने उसे वाराणसी बुलाया गया। इस दौरान खर्च के नाम पर उससे करीब डेढ़ लाख रुपये लिए गए।महिला का आरोप है कि रात में भोजन और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी प्रकाश ने अपने दो साथियों की मदद से उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वसूले लाखों रुपये

शिकायत के अनुसार अगले दिन जब महिला को घटना की जानकारी हुई और उसने विरोध किया, तब आरोपियों ने उसे वीडियो दिखाकर चुप रहने के लिए मजबूर किया।पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार वीडियो वायरल करने और राजनीतिक टिकट दिलाने का झांसा देकर उसे ब्लैकमेल करता रहा। स्टेशन रोड स्थित एक होटल में कई बार बैठक के बहाने बुलाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए।महिला ने आरोप लगाया है कि इसी दबाव में उससे कुल 14 लाख 81 हजार रुपये वसूल लिए गए। पैसे देने के लिए उसे कर्ज तक लेना पड़ा, जिससे वह आर्थिक संकट में फंस गई।

तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

कोर्ट के आदेश पर कोतवाली थाना पुलिस ने बक्सर जिले के रहने वाले प्रकाश,गंगाराम और कृष्णा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस जांच में जुटी

कोतवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।बताया जा रहा है कि मामला दर्ज होने के बाद से तीनों आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Exit mobile version