Jharkhand: 10 जून से शुरू होगी झारखंड क्रिकेट टी-20 लीग, गिरिडीह से निकली रांची टाइटंस की ट्रॉफी यात्रा

झारखंड क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। आगामी 10 जून से रांची के क्रिकेट स्टेडियम में झारखंड क्रिकेट टी-20 लीग का आयोजन शुरू होगा। राज्य की इस प्रतिष्ठित क्रिकेट लीग को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह चरम पर है। यह टूर्नामेंट झारखंड के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करेगा।
गिरिडीह से शुरू हुई रांची टाइटंस की ट्रॉफी यात्रा
टूर्नामेंट से पहले रविवार को रांची टाइटंस टीम की ट्रॉफी यात्रा का शुभारंभ गिरिडीह से किया गया। रांची टाइटंस फ्रेंचाइजी को सलूजा गोल्ड ने खरीदा है। ट्रॉफी टूर के तहत ट्रॉफी को गिरिडीह स्थित सलूजा गोल्ड के कॉर्पोरेट कार्यालय से विधिवत रवाना किया गया।यह ट्रॉफी झारखंड के विभिन्न जिलों का भ्रमण करते हुए पुनः रांची पहुंचेगी, जहां लीग का उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा।
शहर में ट्रॉफी को देखने उमड़े खेल प्रेमी
गिरिडीह में ट्रॉफी ने शहर के प्रमुख मार्गों और महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण किया। ट्रॉफी यात्रा के दौरान खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने ट्रॉफी के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, महापौर प्रमिला मेहरा, डिप्टी महापौर सुमित कुमार और सलूजा गोल्ड के चेयरमैन अमरजीत सिंह सलूजा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने इस ऐतिहासिक पहल की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
युवा खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
मौके पर वक्ताओं ने कहा कि झारखंड में पहली बार इस स्तर की पेशेवर क्रिकेट लीग आयोजित की जा रही है। यह प्रतियोगिता राज्य के प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर देगी।उन्होंने विश्वास जताया कि यह लीग झारखंड में क्रिकेट के विकास को नई दिशा देगी और राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
झारखंड क्रिकेट को मिलेगी नई पहचान
झारखंड क्रिकेट टी-20 लीग के माध्यम से राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की पेशेवर लीग भविष्य में झारखंड को और अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी देने में मददगार साबित होगी।



