Bihar INFACTNews

Bihar: मधुबनी चौर में नहाने गए 6 बच्चे डूबे, 5 की मौत

मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जिले के पतोना थाना क्षेत्र के केरवार गांव में बुधवार दोपहर तालाब (चौर) में नहाने के दौरान 6 बच्चे डूब गए। इस दर्दनाक हादसे में 5 बच्चों की मौत हो गई है, जबकि एक बच्चे की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद मृतक बच्चों के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

कैसे हुआ यह हादसा?

जानकारी के अनुसार, यह हादसा बेनीपट्टी अनुमंडल के रघेपुरा-यदुपट्टी के बीच स्थित खेत (चौर) में दोपहर करीब 1 बजे हुआ। गांव के लगभग 8 बच्चे चौर में स्नान करने गए थे। बताया जा रहा है कि चौर में जेसीबी मशीन से मिट्टी की खुदाई की गई थी, जिससे वहां एक बहुत गहरा और खतरनाक गड्ढा बन गया था। नहाने के दौरान बच्चे उस गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए और एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में एक-एक कर डूबते चले गए।

ग्रामीणों ने किया बचाव कार्य

गड्ढे के बाहर बच्चों की सात जोड़ी चप्पलें देख ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। शोर मचने पर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पानी में कूदकर बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। आनन-फानन में सभी बच्चों को एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने 5 बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों में 3 लड़के और 2 लड़कियां शामिल

प्रारंभिक सूचना के अनुसार, मरने वाले बच्चों की उम्र 12 से 15 साल के बीच बताई जा रही है। मृतकों में 2 लड़कियां और 3 लड़के शामिल हैं। एक बच्चे को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जिसका इलाज अभी जारी है। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

प्रशासन की लापरवाही पर सवाल?

स्थानीय ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि चौर में जेसीबी से गहरा गड्ढा खोदकर उसे ऐसे ही क्यों छोड़ दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई के कारण बने इस गड्ढे ने ही मासूमों की जान ली है। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button