कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर दौरे के दौरान बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि फाजिलनगर का नाम बदलकर अब पावागढ़ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक की मांग को सरकार ने स्वीकार कर लिया है और क्षेत्र को अब नए नाम से जाना जाएगा।
विधायक की मांग पर सरकार ने दी मंजूरी
कुशीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हम इसे फाजिल क्यों कहें? अब इस स्थान को पावागढ़ के नाम से जाना जाएगा।” उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक द्वारा लंबे समय से नाम परिवर्तन की मांग की जा रही थी, जिसे सरकार ने मंजूरी दे दी है।
424 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में लगभग 424 करोड़ रुपये की लागत वाली 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुए कार्यों की जानकारी दी।
माफिया और इंसेफेलाइटिस पर सरकार का दावा
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जिस तरह माफिया राज समाप्त हुआ है, उसी तरह इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी पर भी प्रभावी नियंत्रण किया गया है।उन्होंने कहा, “मच्छर बीमारियां फैलाते थे और माफिया बेरोजगारी फैलाता था। हमारी सरकार ने दोनों समस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई की है।”
विपक्ष पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी शायद पहले की कानून-व्यवस्था और अपराध की स्थिति से परिचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पहले प्रदेश के कई हिस्सों में दंगे, अपराध और माफिया का दबदबा था, जबकि अब कानून का राज स्थापित हुआ है।
कुशीनगर में मेडिकल कॉलेज और कृषि विश्वविद्यालय
सीएम योगी ने बताया कि कुशीनगर को अब अपना मेडिकल कॉलेज मिल चुका है। साथ ही नए शैक्षणिक सत्र से यहां कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का संचालन भी शुरू किया जाएगा।उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में जिले में करीब 90 हजार गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं और 3.14 लाख से अधिक परिवारों के लिए शौचालयों का निर्माण कराया गया है।
