बिहार की राजधानी पटना में एक 17 वर्षीय नीट अभ्यर्थी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। छात्रा का शव पत्रकार नगर थाना क्षेत्र स्थित एक हॉस्टल के कमरे में मिला। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
समस्तीपुर की रहने वाली थी छात्रा
मृतका की पहचान श्रुति कुमारी के रूप में हुई है, जो समस्तीपुर की रहने वाली बताई जा रही है। वह पटना में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। जानकारी के अनुसार, कोर्स पूरा होने के बाद वह गांव चली गई थी और करीब 10 दिन पहले ही दोबारा हॉस्टल लौटी थी।
कमरे में मिला शव
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार सुबह छात्रा अपने कमरे से बाहर नहीं निकली। उसकी सहेलियों ने जब दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। बाद में दरवाजे को धक्का देने पर वह खुल गया। अंदर श्रुति का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद हॉस्टल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई।
रात में परेशान थी छात्रा
हॉस्टल संचालिका के अनुसार, सोमवार रात श्रुति ने भोजन किया था और अपने दोस्तों से बातचीत भी की थी। बताया जा रहा है कि वह काफी परेशान और भावुक थी। उसकी एक सहेली ने दावा किया कि श्रुति रात में रोते हुए उनके पास आई थी और अपनी परेशानियों के बारे में बात की थी।
परिजनों ने लगाया परेशान किए जाने का आरोप
रिश्तेदारों के अनुसार, एक युवक कथित रूप से श्रुति को कुछ समय से परेशान कर रहा था। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
हर पहलू से जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है।परिजनों के अनुसार, श्रुति की मां शिक्षिका हैं जबकि पिता किसान हैं। घटना के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
