Madhya Pradesh: मां ने तीन मासूम बेटियों संग खाया कीटनाशक, चारों की मौत

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के पपौंध थाना क्षेत्र स्थित हिरवाह गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ कथित तौर पर कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिससे मां और तीनों बच्चियों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

पति हैदराबाद में, बच्चों के साथ अकेली रहती थी महिला

मृतका की पहचान अनीता सिंह के रूप में हुई है। वह अपनी बेटियों अर्पिता (7 वर्ष), कृष्णकुमारी (4 वर्ष) और रितिका (2 वर्ष) के साथ हिरवाह गांव स्थित अपने घर में रहती थी। उसका पति ट्रक चालक है और रोजगार के सिलसिले में हैदराबाद में रहता है। परिवार मूल रूप से तिखवा गांव का निवासी बताया गया है।

अस्पताल पहुंचने से पहले मां और दो बेटियों की मौत

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन तब तक अनीता और उसकी दो बेटियों की मौत हो चुकी थी। तीसरी बच्ची की हालत गंभीर थी, जिसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मासूम के मृत्यु पूर्व बयान से सामने आया घटनाक्रम

पुलिस के अनुसार, अस्पताल में उपचार के दौरान जीवित बची बच्ची ने मृत्यु पूर्व बयान में बताया कि उसकी मां ने पहले बच्चों को जहरीला पदार्थ दिया और बाद में स्वयं भी उसका सेवन कर लिया। बच्ची की मौत के बाद यह बयान जांच का महत्वपूर्ण आधार बन गया है।

आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

पपौंध थाना प्रभारी बृजेन्द्र मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीले पदार्थ के सेवन का प्रतीत होता है। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पति को दी गई सूचना

चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतका के पति और अन्य परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Exit mobile version