Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: जमशेदपुर के जुगसलाई स्तिथ ‘होटल गणगौर’ वर्कशॉप में भीषण आग, समय रहते निकाले गए एक दर्जन गैस सिलेंडर

जमशेदपुर: लौहनगरी के व्यस्ततम जुगसलाई बाजार क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त मौत का साया मंडराने लगा, जब होटल गणगौर परिसर स्थित एक वर्कशॉप में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरा वर्कशॉप जलकर खाक हो गया। इस घटना से घनी आबादी वाले इस इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

बाल-बाल बचा पूरा मोहल्ला: टला बड़ा विस्फोट

इस हादसे में सबसे राहत की बात यह रही कि वर्कशॉप के भीतर रखे लगभग एक दर्जन गैस सिलेंडरों को आग फैलने से पहले ही साहस दिखाकर बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सिलेंडरों में विस्फोट होता, तो पूरे बाजार क्षेत्र में भारी तबाही मच सकती थी और कई जान-माल का नुकसान हो सकता था।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर भड़के लोग

घटना के बाद स्थानीय निवासियों में होटल प्रबंधन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा की घनी आबादी वाले बाजार क्षेत्र में अवैध रूप से वर्कशॉप का संचालन नियमों का उल्लंघन है। वर्कशॉप में आग से बचाव के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे। लोगों के अनुसार यहाँ पहले भी आग लग चुकी है, लेकिन प्रशासन और मालिक ने कोई सबक नहीं लिया।

दमकल की 4 गाड़ियों ने पाया काबू

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी गलियों के कारण दमकल कर्मियों को मोर्चा संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग को रिहायशी इमारतों तक फैलने से रोका गया। हालांकि, वर्कशॉप के अंदर रखा लाखों का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है।

“बिना उचित सेफ्टी गियर के मजदूरों से काम कराया जाना और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करना इस हादसे की मुख्य वजह है। हम प्रशासन से इस वर्कशॉप को यहाँ से हटाने और मालिक पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।” — स्थानीय निवासी

प्रशासनिक जांच शुरू

पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों में कमी पाई गई, तो होटल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button