Madhya Pradesh:भोपाल ट्विशा शर्मा मौत मामला में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में आत्महत्या के संकेत, परिवार ने मांगा दूसरा पोस्टमॉर्टम

भोपाल: भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद केस और उलझ गया है। रिपोर्ट में संकेत मिला है कि ट्विशा ने कथित तौर पर जिमनास्टिक बेल्ट से फांसी लगाकर आत्महत्या की होगी।जानकारी के अनुसार ट्विशा का शव छत पर लगे जिमनास्टिक बेल्ट से लटका हुआ मिला था।

परिवार ने मांगा दूसरा पोस्टमॉर्टम

मामले को लेकर ट्विशा शर्मा के परिवार ने भोपाल जिला अदालत में दूसरे पोस्टमॉर्टम की मांग करते हुए आवेदन दायर किया है।परिवार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए दोबारा पोस्टमॉर्टम जरूरी है।

आरोपियों की तलाश में जुटी एसआईटी

मामले पर बयान देते हुए एसीपी रजनीश कश्यप ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए भोपाल पुलिस कमिश्नरेट और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के साथ पत्राचार जारी है।उन्होंने बताया कि एसआईटी और स्थानीय पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही हैं। तकनीकी और मानवीय दोनों स्रोतों से जानकारी जुटाई जा रही है।

बेल्ट की जांच रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि

पुलिस द्वारा जांच के लिए भेजी गई बेल्ट की रिपोर्ट भी सामने आ गई है। रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि उसी बेल्ट का इस्तेमाल कर कथित तौर पर आत्महत्या की गई थी।लिगेचर रिपोर्ट में भी ट्विशा की मौत को आत्महत्या बताया गया है। बताया गया कि पोस्टमॉर्टम के समय फंदे में इस्तेमाल हुई बेल्ट मौजूद नहीं थी। बाद में पुलिस ने बेल्ट को जांच एजेंसियों को सौंपा था।

बहन ने सास के आरोपों को बताया निराधार

ट्विशा शर्मा की बहन मीनाक्षी ने ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।

मीनाक्षी ने कहा कि उनकी बहन न तो ड्रग्स लेती थी और न ही किसी मानसिक बीमारी से पीड़ित थी। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही ट्विशा अपने भाई की शादी में नोएडा आई थी और बिल्कुल सामान्य थी।

“जानबूझकर अकाउंट में पैसे डाले गए”

मीनाक्षी का आरोप है कि जानबूझकर ट्विशा के अकाउंट में पैसे डाले गए और फिर निकाले गए ताकि उसे आधार बनाकर कहानी तैयार की जा सके।उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में ट्विशा सामान्य रूप से हेडफोन लेकर टेरेस की ओर जाती दिखाई दे रही है।

परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की

मीनाक्षी ने समर्थ सिंह पर घमंडी और रसूखदार होने का आरोप लगाते हुए कहा कि परिवार अब सिर्फ निष्पक्ष जांच और दूसरे पोस्टमॉर्टम की अनुमति चाहता है।

Exit mobile version