Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: टाटीसिलवे में युवक की बेरहमी से हत्या, प्राइवेट पार्ट काटकर फेंका शव

रांची : झारखंड की राजधानी रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मानकी ढीपा रिंग रोड से पुलिस ने एक 25 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद किया है, जिसकी बेरहमी से हत्या की गई थी। युवक के शरीर पर कई गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, वहीं उसका प्राइवेट पार्ट काटे जाने से मामले ने सनसनी फैला दी है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों ने सुबह सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी। शुरुआत में इसे सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो हत्या का मामला सामने आया।

मोबाइल तोड़कर मिटाए गए सबूत


घटनास्थल के पास मृतक का मोबाइल फोन भी मिला, जिसे पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया गया था। पुलिस ने दूसरे मोबाइल में सिम डालकर परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद मृतक की पहचान कमलेश सिंह (25) के रूप में हुई। वह मूल रूप से बिहार का निवासी था और वर्तमान में रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र के हाहे गांव में अपने मौसा के घर रहकर टाटीसिलवे स्थित एक आइसक्रीम फैक्ट्री में पिकअप वैन चलाता था।

डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम की जांच


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत डॉग स्क्वॉड, फोरेंसिक और तकनीकी टीम को मौके पर बुलाया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और जांच तेज कर दी गई है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया जायजा


घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी और डीएसपी मुख्यालय प्रथम अमर कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पार्टी के बाद लापता हुआ था युवक


मृतक के मौसा अनिल चौहान ने बताया कि शनिवार रात हाहे गांव में एक पार्टी का आयोजन था, जिसमें कमलेश शामिल हुआ था। हालांकि, वह रात में घर नहीं लौटा। रविवार सुबह पुलिस की सूचना पर उन्हें घटना की जानकारी मिली।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह?


पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। बताया जा रहा है कि कमलेश का हाहे गांव की एक युवती से संबंध था और घटना की रात दोनों की मुलाकात भी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि हत्या हाहे गांव में ही कर शव को रिंग रोड पर फेंका गया।

महिला मित्र हिरासत में, पूछताछ जारी


घटना के बाद पुलिस ने मृतक की कथित महिला मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से कुछ भी खुलासा नहीं किया है।मृतक के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button