Uttar Pradesh: ट्रिपल मर्डर से दहल उठा अकबरपुर, चार मंजिला घर में मिले तीन बच्चों के शव

अंबेडकरनगर : उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र स्थित मीरानपुर मोहल्ले में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहाँ एक चार मंजिला मकान के अंदर से तीन बच्चों के खून से लथपथ शव बरामद हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुँच गए हैं।

बिस्तर पर पड़े थे मासूमों के शव

घटना का खुलासा तब हुआ जब पुलिस को सूचना मिली कि पुरानी दीवानी के पीछे मैदान के पास स्थित एक मकान में बच्चों के शव पड़े हैं।जब पुलिस टीम घर के भीतर दाखिल हुई, तो कमरे में बिस्तर पर तीनों बच्चों के शव खून से लथपथ हालत में मिले।एक ही घर के भीतर तीन बच्चों की हत्या की खबर आग की तरह फैली और मौके पर हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई।

एसपी प्राची सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचीं।पुलिस ने तत्काल प्रभाव से घर के मुख्य द्वार को बंद करवा दिया है ताकि साक्ष्यों के साथ कोई छेड़छाड़ न हो सके। लखनऊ से फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है। कमरे के भीतर से उंगलियों के निशान और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

घर से गायब थे परिजन

पुलिस के अनुसार, जिस समय यह वारदात हुई या जब पुलिस मौके पर पहुँची, घर के भीतर कोई भी वयस्क सदस्य मौजूद नहीं था।बच्चे घर में अकेले कैसे थे और परिजन कहाँ गए, पुलिस इस बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है।पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि घटना के समय घर में किसने प्रवेश किया था।

हत्या की वजह तलाश रही पुलिस

अकबरपुर के मीरानपुर मोहल्ले में हुई इस घटना के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस आपसी रंजिश, घरेलू कलह और अन्य सभी संभावित कोणों से मामले की जांच कर रही है। एसपी प्राची सिंह ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Exit mobile version