Bihar INFACTNews

Bihar: अब ‘पटना जू’ के नाम से जाना जाएगा संजय गांधी जैविक उद्यान, 63 प्रस्तावों को मिली मंजूरी

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित कैबिनेट की दूसरी बैठक में राज्य के विकास और प्रशासनिक सुधार से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। इस बैठक का सबसे चर्चित निर्णय राजधानी के चिड़ियाघर के नामकरण और मुंगेर में वानिकी महाविद्यालय से संबंधित रहा।

‘संजय गांधी जैविक उद्यान’ अब हुआ ‘पटना जू’

कैबिनेट ने दशकों पुराने ‘संजय गांधी जैविक उद्यान’ का नाम बदलकर अब आधिकारिक तौर पर ‘पटना जू’ करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। चिड़ियाघर के संचालन के लिए जिम्मेदार ‘संजय गांधी जैविक उद्यान प्रबंधन एवं विकास सोसाइटी’ का नाम भी अब ‘पटना जू प्रबंधन एवं विकास सोसाइटी’ कर दिया गया है।

शिक्षा और रोजगार: मुंगेर वानिकी महाविद्यालय में 250 नए पद

मुंगेर स्थित बिहार वानिकी महाविद्यालय एवं शोध संस्थान के सुचारू संचालन के लिए कैबिनेट ने बड़ा कदम उठाया है। पठन-पाठन और शोध कार्यों के लिए पूर्व में सृजित 85 पदों को अपग्रेड करते हुए अब विभिन्न कोटि के कुल 250 पदों के सृजन की मंजूरी दी गई है।

इंफ्रास्ट्रक्चर: 90 किमी लंबा बक्सर-आरा-मनेर गंगा पथ

परिवहन को रफ्तार देने के लिए कैबिनेट ने बक्सर से मनेर तक 90 किलोमीटर लंबे गंगा पथ के निर्माण को हरी झंडी दिखाई है।यह परियोजना पीपीपी मोड पर बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के माध्यम से पूरी की जाएगी। इसके लिए डीपीआर और ट्रांजेक्शन एडवाइजर की सेवा लेने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई है।

अन्य महत्वपूर्ण निर्णय

बिहार हरित जलवायु कोष: राज्य में पर्यावरण संरक्षण और जलवायु सहनशील गतिविधियों के वित्तपोषण के लिए इस विशेष कोष का गठन किया जाएगा।

कर्पूरी ठाकुर संग्रहालय: कला एवं संस्कृति विभाग के अंतर्गत जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय में अब वाचनालय शुरू होगा। इसका नया नाम “भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय-सह-वाचनालय” होगा।

शहरी प्रबंधन इकाई: पटना की नगर व्यवस्था को बेहतर बनाने और पुलिस-प्रशासन के बीच समन्वय के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (नगर व्यवस्था) के एक नए पद के सृजन को स्वीकृति दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button