Jharkhand: सरायकेला के ईचागढ़ में हाथी ने महिला को कुचला, परिवार के 3 लोग घायल

सरायकेला: जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत हाड़ात गांव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रात करीब 2 बजे एक जंगली हाथी ने घर की दीवार तोड़कर अंदर घुसकर एक महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सो रहे परिवार पर अचानक हमला

वन विभाग के अनुसार, घटना के समय पूरा परिवार घर में सो रहा था। इसी दौरान हाथी ने दीवार तोड़कर घर में प्रवेश किया।हाथी के हमले से बचने के लिए परिवार के लोग भागने लगे, लेकिन इस दौरान महिला हाथी की चपेट में आ गई।

तीन अन्य लोग घायल

इस घटना में मृतका के पति,सास और ससुर भी घायल हो गए हैं। सभी का इलाज जारी है।

गांव में मातम, लोगों में दहशत

घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है। सुबह होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

वन विभाग के खिलाफ आक्रोश

ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर आक्रोश जताया। उनका कहना है कि इस वर्ष अब तक क्षेत्र में हाथियों के हमले में तीन लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए गए।

मौके पर पहुंची टीम

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version