Uttar Pradesh: मेरठ और दिल्ली से आईएसआई के दो एजेंट गिरफ्तार, भारत में आतंकी हमले की रच रहे थे साजिश

लखनऊ/मेरठ: उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता ने आंतरिक सुरक्षा को बड़ा खतरा पैदा करने वाले दो सक्रिय एजेंटों को दबोच लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मेरठ निवासी तुषार और दिल्ली निवासी समीर खान के रूप में हुई है। ये दोनों सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी आकाओं से निर्देश ले रहे थे।

सोशल मीडिया और यूट्यूबर्स के जरिए बिछाया जाल

पूछताछ में खुलासा हुआ है कि ये दोनों एजेंट पाकिस्तानी गैंगस्टर और कट्टरपंथियों के नेटवर्क का हिस्सा थे।आरोपी शहजाद भट्टी, आबिद जट और कई कट्टरपंथी पाकिस्तानी यूट्यूबर्स के संपर्क में थे। इनका मुख्य काम सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को बरगलाना और उन्हें पैसों का लालच देकर देश के खिलाफ गतिविधियों में शामिल करना था।इनका उद्देश्य भारत के सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ना और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचाना था।

हथियारों की बरामदगी और घेराबंदी

एटीएस को खुफिया सूचना मिली थी कि ये दोनों युवक भारत में रहकर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद एटीएस की टीम ने जाल बिछाकर इनकी घेराबंदी की और इन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन लोगो के पास से एक अदद अवैध पिस्टल,पांच जिंदा कारतूस और एक धारदार चाकू बरामद किया है।

मेरठ और दिल्ली से जुड़ा नेटवर्क

गिरफ्तार आतंकी तुषार मेरठ का रहने वाला है, जबकि समीर खान दिल्ली का निवासी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनके नेटवर्क में और कितने स्थानीय युवक शामिल थे और इन्हें फंडिंग किस जरिए से मिल रही थी।

एटीएस का बयान

अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि भारत में मौजूद उनके अन्य स्लीपर सेल्स और ठिकानों का पता लगाया जा सके। एटीएस इसे एक बड़ी सफलता मान रही है क्योंकि इन दोनों की गिरफ्तारी से आईएसआई की एक बड़ी योजना पटरी से उतर गई है।

Exit mobile version