Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: “एक भी योग्य मतदाता न छूटे”, मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर सीएम हेमंत सोरेन ने कार्यकर्ताओं को दिए कड़े निर्देश

रांची : मुख्यमंत्री आवास (कांके रोड) में बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा की एक उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पार्टी के 12 जिलों के पदाधिकारी, सांसद और विधायक शामिल हुए। बैठक का मुख्य एजेंडा मतदाता सूची पुनरीक्षण और आगामी जनगणना को लेकर पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करना था।

लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा का संकल्प

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाना महज एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा का सवाल है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया राज्य का एक भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से बाहर नहीं रहना चाहिए। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक सक्रिय होकर लोगों की मदद करने का निर्देश दिया गया।

भाजपा की नीयत पर उठाए सवाल

बैठक के दौरान झामुमो नेतृत्व ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर की आड़ में आदिवासी, मूलवासी और वंचित वर्गों के मताधिकार को प्रभावित करने की कोशिश की जा सकती है। झामुमो ने कहा कि वे किसी भी सूरत में हाशिए पर रहने वाले समाज के अधिकारों के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे।

कार्यकर्ताओं को ‘हर स्थिति’ के लिए तैयार रहने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने मौजूदा राजनीतिक हालात पर मंथन करते हुए संगठन को सतर्क रहने को कहा। उन्होंने कहा कि आगामी जनगणना और मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उन्हें जागरूक करना होगा। पार्टी ने साफ किया कि उसके कार्यकर्ता जनहित और संगठन की मजबूती के लिए पूरी तरह समर्पित हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button