Madhya Pradesh: जनसुनवाई में ‘वरमाला’ पहनकर पहुंचा दूल्हा; डीएम से बोला- “साहब, दबंग रास्ता नहीं दे रहा, 25 को बारात कैसे आएगी?”

इंदौर : अपनी शादी के कार्ड बांटने और तैयारियों में जुटे एक युवक को जब गांव के दबंग ने परेशान किया, तो वह मजबूरन दूल्हे के लिबास में ही कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में जा पहुंचा। मामला गांव के एक दबंग द्वारा घर के सामने का रास्ता रोकने और नाली पर पुलिया न बनने देने से जुड़ा है।

25 अप्रैल को है शादी, घर का रास्ता बंद

पीड़ित दूल्हे ने प्रशासनिक अधिकारियों के सामने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया।गांव का एक रसूखदार व्यक्ति जानबूझकर उसके घर के सामने नाली पर रास्ता नहीं बनने दे रहा है।दूल्हे ने भावुक होकर कहा, “साहब, 25 तारीख को मेरी शादी है। घर तक पहुंचने का रास्ता ही बंद है, तो बारात कैसे निकलेगी और मेहमान कैसे आएंगे?” आरोप है कि विरोध करने पर दबंग द्वारा पूरे परिवार को प्रताड़ित और धमकाया जा रहा है।

“शादी की खुशियां या दबंग का खौफ?”

दूल्हे ने आवेदन में स्पष्ट किया कि घर के सामने रास्ता न होने से टेंट, लाइट और मेहमानों के आने-जाने की सारी तैयारियां ठप पड़ी हैं। उसने कलेक्टर से मांग की है कि तत्काल हस्तक्षेप कर रास्ता खुलवाया जाए और दबंग के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि वह अपनी नई जिंदगी की शुरुआत शांतिपूर्ण तरीके से कर सके।

प्रशासन का रुख और अन्य शिकायतें

जनसुनवाई में इस संवेदनशील मामले के सामने आते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया।अधिकारियों ने दूल्हे का आवेदन लेकर संबंधित विभाग और स्थानीय पुलिस को तत्काल मौके पर जाकर जांच करने और रास्ता खुलवाने के निर्देश दिए हैं। इसी जनसुनवाई में ‘खोडल तहसील रोड’ की बदहाल स्थिति को लेकर भी शिकायतें पहुंचीं, जिस पर विभाग ने सुधार के आदेश जारी किए।

Exit mobile version