
स्पोर्ट्स डेस्क : मुंबई इंडियंस ने सोमवार को खेले गए मैच में गुजरात टाइटंस को 99 रनों के विशाल अंतर से हराकर सीजन की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। तिलक वर्मा की शतकीय आतिशबाजी और गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के आगे गुजरात की टीम ने पूरी तरह घुटने टेक दिए।
तिलक वर्मा का ऐतिहासिक शतक
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। मात्र 44 रनों पर 3 विकेट गिर जाने के बाद तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। तिलक ने महज 45 गेंदों में 101 रनों की नाबाद पारी खेली। इस शतक के साथ उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए सबसे तेज आईपीएल शतक लगाने के मामले में दिग्गज सनथ जयसूर्या के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। तिलक के धमाके की बदौलत मुंबई ने 20 ओवर में 199 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत
मुंबई इंडियंस ने 99 रनों से जीतकर आईपीएल 2026 का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।इससे पहले रविवार को पंजाब किंग्स ने लखनऊ को 54 रनों से हराया था, जो सीजन की सबसे बड़ी जीत थी। मुंबई ने अब इस अंतर को लगभग दोगुना कर दिया है। 200 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस की पूरी टीम महज 100 रनों पर सिमट गई।
गेंदबाजी में अश्वनी और बुमराह का कहर
लक्ष्य का बचाव करने उतरी मुंबई की गेंदबाजी आज विश्वस्तरीय नजर आई। बुमराह ने पारी की पहली ही गेंद पर साई सुदर्शन को पवेलियन भेजकर आईपीएल 2026 में अपना पहला विकेट हासिल किया।युवा गेंदबाज अश्वनी ने गुजरात के मध्यक्रम की कमर तोड़ दी। उन्होंने 4 ओवरों में मात्र 24 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।अल्लाह गजनफर और मिचेल सैंटनर ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट अपने नाम किए। कप्तान हार्दिक पांड्या ने भी किफायती स्पेल डाला।
पॉइंट्स टेबल में स्थिति
6 मैचों में यह मुंबई इंडियंस की दूसरी जीत है। हालांकि टीम अभी भी संघर्ष कर रही है, लेकिन इतनी बड़ी जीत से उनके नेट रन रेट में जबरदस्त सुधार होगा, जो टूर्नामेंट के अंतिम चरण में निर्णायक साबित हो सकता है।



