Delhi: केंद्रीय कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में 2% की बढ़ोतरी, जनवरी से एरियर का भी लाभ

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने आज केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है। सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट ने महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में 2 फीसदी की अतिरिक्त बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अब कुल महंगाई भत्ता 60% के आंकड़े पर पहुंच गया है।
1.15 करोड़ परिवारों को सीधा लाभ
सरकार के इस कदम का लाभ देश के एक बड़े वर्ग को मिलने जा रहा है। लगभग 50 लाख से अधिक सेवारत केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी में इजाफा होगा।65 लाख से ज्यादा बुजुर्ग पेंशनभोगियों की मासिक पेंशन बढ़ जाएगी।
जनवरी 2026 से मिलेगा एरियर
इस घोषणा की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि बढ़ी हुई दरें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी। इसका अर्थ है कि कर्मचारियों को केवल अप्रैल की बढ़ी हुई सैलरी ही नहीं मिलेगी, बल्कि जनवरी, फरवरी और मार्च महीने का बकाया एकमुश्त दिया जाएगा।इससे कर्मचारियों के हाथ में अगले महीने एक मोटी रकम आने की उम्मीद है।
क्यों बढ़ाई गई दरें?
सरकार साल में दो बार (जनवरी और जुलाई) महंगाई भत्ते में संशोधन करती है।: इसकी गणना श्रम मंत्रालय द्वारा जारी CPI-IW (Consumer Price Index for Industrial Workers) के आंकड़ों के आधार पर की जाती है। बढ़ती महंगाई के कारण बाजार में जरूरी वस्तुओं की कीमतें बढ़ती हैं, जिससे कर्मचारियों की क्रय शक्ति कम हो जाती है। इसी अंतर को पाटने के लिए सरकार डीए बढ़ाती है।



