धनबाद: धनबाद जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र में शुक्रवार को अपराधियों ने तांडव मचाते हुए जनता मजदूर संघ के प्रतिनिधि और पूर्व मेयर संजीव सिंह के कट्टर समर्थक शुभम यादव को निशाना बनाया। अपराधियों ने शुभम के घर में घुसकर उन पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने शुभम यादव के घर में घुसकर उन पर गोलियों की बौछार कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से पूरे सोनारडीह क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गोली लगने के बाद घायल शुभम को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अशर्फी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
अस्पताल पहुँचे संजीव सिंह, समर्थकों में भारी आक्रोश
वारदात की खबर मिलते ही पूर्व मेयर संजीव सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ अशर्फी अस्पताल पहुँचे। अपने करीबी सहयोगी पर हुए इस हमले के बाद समर्थकों में जबरदस्त गुस्सा देखा जा रहा है।अस्पताल परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।संजीव सिंह ने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की है, लेकिन इलाके में तनाव बरकरार है।
पुलिस की जांच और नाकेबंदी
घटना की सूचना मिलते ही सोनारडीह ओपी और धनबाद थाना की पुलिस हरकत में आई। पुलिस की कई टीमें अपराधियों की तलाश में जुटी हैं । पुलिस शुभम के घर के आसपास और भागने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके ।
परिजनों से पूछताछ
पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर परिजनों के बयान दर्ज किए हैं और किसी पुरानी रंजिश या वर्चस्व की लड़ाई के एंगल से मामले की जांच कर रही है। जिले के विभिन्न सीमावर्ती इलाकों और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
