MP INFACTNews

Madhya Pradesh: महाकाल मंदिर में भस्म आरती के लिए अब 300 परमिशन सिर्फ ऑनलाइन, 200 रुपये शुल्क देना होगा

उज्जैन: मध्य प्रदेश के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर, उज्जैन में होने वाली विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती को लेकर मंदिर समिति ने बड़ा बदलाव किया है। अब सामान्य श्रद्धालुओं को मिलने वाली 300 ऑफलाइन परमिशन पूरी तरह बंद कर दी गई है और इसे ऑनलाइन कर दिया गया है। श्रद्धालुओं को भस्म आरती में शामिल होने के लिए एक दिन पहले ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी और इसके लिए 200 रुपये शुल्क देना होगा।

पहले मुफ्त मिलती थी परमिशन

पहले श्रद्धालुओं को भस्म आरती में शामिल होने के लिए एक दिन पहले मंदिर काउंटर पर जाकर लाइन में लगकर फॉर्म भरना पड़ता था और यह परमिशन निःशुल्क मिलती थी। लेकिन अब मंदिर समिति ने इसे पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है।श्रद्धालु अब आधिकारिक वेबसाइट श्री महाकालेश्वर मंदिर आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 200 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क देकर बुकिंग कर सकेंगे।

रोज सुबह 4 बजे होती है भस्म आरती

महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर, उज्जैन में भस्म आरती प्रतिदिन सुबह लगभग 4 बजे की जाती है। इसमें रोजाना 1700 से अधिक श्रद्धालु शामिल होते हैं। अब तक इसमें वीआईपी और सामान्य श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कोटा निर्धारित था।

अब ‘तत्काल कोटा’ से होगी बुकिंग

मंदिर समिति के अनुसार पहले 300 परमिशन ऑफलाइन दी जाती थीं, जिन्हें अब बंद कर दिया गया है। अब ये परमिशन तत्काल कोटा के तहत ऑनलाइन उपलब्ध होंगी।बुकिंग पोर्टल चयनित तिथि से एक दिन पहले सुबह 8 बजे खुलेगा।बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी।बुकिंग के दौरान श्रद्धालुओं को अपना फोटो और वैध पहचान पत्र अपलोड करना होगा।

अब एक माह पहले खुलेगी ऑनलाइन बुकिंग

मंदिर समिति ने यह भी फैसला लिया है कि सामान्य ऑनलाइन बुकिंग की अवधि तीन माह से घटाकर एक माह कर दी गई है।

मई 2026 के लिए बुकिंग विंडो 21 अप्रैल सुबह 8 बजे खुलेगी।
जून के लिए बुकिंग 1 मई से शुरू होगी।
जुलाई के लिए बुकिंग 1 जून से शुरू होगी।

संध्या आरती और शयन आरती भी ऑनलाइन

इससे पहले मंदिर समिति संध्या आरती और शयन आरती के लिए भी ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर चुकी है।संध्या आरती बुकिंग पोर्टल दोपहर 12 बजे खुलता है (अंतिम प्रवेश समय शाम 6 बजे)शयन आरती बुकिंग पोर्टल शाम 4 बजे खुलता है (अंतिम प्रवेश समय रात 10 बजे)। इन दोनों आरती के लिए श्रद्धालुओं को 250 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क देना होता है।

भीड़ बढ़ने के कारण लिया गया फैसला

मंदिर के जनसंपर्क अधिकारी आशीष फलवादिया के अनुसार महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के लिए भस्म आरती सहित अन्य आरतियों की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था लागू की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button