Madhya Pradesh: ब्यौहारी स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका

शहडोल : मध्य प्रदेश के शहडोल जिले अंतर्गत ब्यौहारी रेलवे स्टेशन पर रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पास साइडिंग में खड़ी एक ट्रैक मशीन की बोगी में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बोगी धुएं के गुबार से घिर गई। हालांकि, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

दोपहर 3 बजे भड़की आग, मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, स्टेशन के साइडिंग ट्रैक पर चार कोच वाली एक ट्रैक मशीन खड़ी थी। दोपहर लगभग 3 बजे कोच नंबर ECO 994129 से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। गनीमत यह रही कि घटना के समय बोगी के भीतर कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था, क्योंकि ट्रैक स्टाफ काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था।

डेढ़ घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, डायल 112 और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए आग को अन्य तीन बोगियों तक फैलने से रोक लिया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम 4:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।घटना के बाद ब्यौहारी थाना प्रभारी जिया उल हक और आरपीएफ चौकी प्रभारी गिरीश कुमार मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

शॉर्ट सर्किट हो सकता है कारण

रेलवे अधिकारियों और पुलिस की प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।रेलवे के उच्चाधिकारियों को घटना की विस्तृत रिपोर्ट भेज दी गई है।फिलहाल स्टेशन पर परिचालन और स्थिति पूरी तरह सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर ट्रैक मशीनों और खड़ी बोगियों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

Exit mobile version