National: बीजेपी ने बंगाल चुनाव के लिए जारी किया ‘भरोसे का शपथ पत्र’, अमित शाह ने किए कई बड़े वादे

कोलकाता: भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के लिए अपना संकल्प पत्र जारी किया, जिसे पार्टी ने “भरोसे का शपथ पत्र” नाम दिया है। संकल्प पत्र जारी करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह दस्तावेज पश्चिम बंगाल की जनता के लिए विश्वास का प्रतीक है और इसमें जनता से जुड़े कई अहम वादे शामिल किए गए हैं।अमित शाह ने कहा कि यह संकल्प पत्र राज्य के लोगों को नया मार्ग और नई आशा देगा। उन्होंने कहा कि यह दस्तावेज बेरोजगार युवाओं और भय के माहौल में रह रही महिलाओं को हिम्मत देगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के विजन का रोडमैप भी प्रस्तुत करता है।संकल्प पत्र जारी करते समय बीजेपी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनेर्जी की सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में डर और असुरक्षा का माहौल है।

घुसपैठ पर सख्ती, ‘डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट’ नीति

संकल्प पत्र में बीजेपी ने घुसपैठ के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाने की बात कही है। अमित शाह ने कहा कि उनकी सरकार जीरो टॉलरेंस नीति अपनाएगी।

इसके तहत तीन चरणों में कार्रवाई की जाएगी:

घुसपैठियों की पहचान करना, मतदाता सूची और सरकारी रिकॉर्ड से नाम हटाना उन्हें वापस भेजना।पार्टी का कहना है कि सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा मजबूत की जाएगी और अवैध घुसपैठ पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी।

सरकारी कर्मचारियों और महिलाओं के लिए बड़े वादे

बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में सरकारी कर्मचारियों और महिलाओं के लिए भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं जिसमे राज्य के सभी सरकारी पेंशनभोगियों को महंगाई भत्ता देने का वादा,सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर सातवां वेतन आयोग लागू करने की घोषणा।महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने ₹3000 आर्थिक सहायता।पार्टी का कहना है कि इससे महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था पर जोर

स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना लागू करने का वादा किया है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को इलाज में आर्थिक राहत मिल सके।इसके साथ ही पार्टी ने कहा कि सरकार बनने के छह महीने के भीतर समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा।गौ तस्करी रोकने के लिए भी सख्त कदम उठाने की बात कही गई है। बीजेपी का कहना है कि इस समस्या पर नियंत्रण के लिए राज्य की सीमाओं को सील करने की योजना बनाई जाएगी।

बेरोजगार युवाओं को मिलेगा भत्ता

संकल्प पत्र में युवाओं के लिए भी बड़ा वादा किया गया है। बीजेपी ने कहा है कि राज्य में बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलने तक हर महीने ₹3000 का भत्ता दिया जाएगा।अमित शाह ने कहा कि बंगाल की जनता अब बदलाव चाहती है और राज्य में परिवर्तन की भावना साफ दिखाई दे रही है।

कोलकाता को विश्वस्तरीय शहर बनाने की योजना

बीजेपी ने कोलकाता के विकास के लिए भी कई योजनाएं घोषित की हैं। पार्टी का लक्ष्य शहर को विश्व स्तर का महानगर बनाना है।इसके तहत मेट्रो नेटवर्क का विस्तार,पुलों की मजबूती के लिए समयबद्ध कार्यक्रम,
बंदरगाहों का विकास, खासकर हल्दिया पोर्ट व्यापार को आसान बनाने के लिए नई नीतियां।इसके अलावा सिंडिकेट सिस्टम खत्म करने का भी वादा किया गया है।

महिलाओं और मातृत्व सुरक्षा के लिए योजनाएं

महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई योजनाओं की घोषणा की गई है।

75 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य
महिलाओं की सुरक्षा के लिए हेल्प डेस्क
गर्भवती महिलाओं को ₹21,000 की आर्थिक सहायता
राज्य की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा
किसानों और चाय उद्योग को मजबूत करने की योजना

बीजेपी ने किसानों के लिए भी कई योजनाओं की घोषणा की है।

आलू, धान और आम के किसानों को सहायता
चाय उद्योग को मजबूत करने के लिए विशेष योजनाएं
चाय बागानों के पुनर्विकास की योजना

इसके साथ ही उत्तर बंगाल के विकास पर विशेष ध्यान देते हुए वहां आईआईटी, एम्स, आईआईएमऔर फैशन डिजाइन संस्थान खोलने की घोषणा की गई है।

कानून व्यवस्था पर श्वेत पत्र लाने का वादा

बीजेपी ने कहा है कि सत्ता में आने पर टीएमसी सरकार के पूरे कार्यकाल पर श्वेत पत्र लाया जाएगा।इसमें भ्रष्टाचार, राजनीतिक हिंसा और कानून व्यवस्था की स्थिति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया जाएगा। राजनीतिक हिंसा की जांच के लिए रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में आयोग बनाने का भी वादा किया गया है।पार्टी का आरोप है कि राज्य में पिछले वर्षों में भय, भेदभाव और भ्रष्टाचार बढ़ा है। बीजेपी का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह देश में विकास हुआ है, उसी मॉडल पर पश्चिम बंगाल को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

Exit mobile version