Uttar Pradesh: पीलीभीत में इंजीनियर ने होटल में खाया जहर, इलाज के दौरान मौत

पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने होटल के कमरे में जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान बरेली जिले के थाना हाफिजगंज क्षेत्र के ग्राम योसलपुर निवासी 27 वर्षीय दीपांशु के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले तीन दिनों से पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र स्थित छतरी चौराहा के पास कुमार होटल में ठहरा हुआ था।

परिचित को फोन कर दी थी जहर खाने की जानकारी

जानकारी के अनुसार बुधवार रात दीपांशु ने होटल के कमरे में जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर खाने के बाद उसने बल्लभनगर कॉलोनी निवासी अपने एक परिचित को फोन कर इसकी जानकारी दी।सूचना मिलने के बाद परिचित होटल पहुंचा और होटल कर्मचारियों की मदद से युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया, लेकिन रात करीब 11 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए

घटना की सूचना मिलते ही थाना सुनगढ़ी पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को भी घटना की सूचना दी।

युवती से प्रेम प्रसंग की बात आई सामने

मृतक के पिता ने बताया कि दीपांशु ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी और उसकी एक सरकारी कंपनी में नौकरी भी लग गई थी, लेकिन उसने जॉइन नहीं किया था। बताया जा रहा है कि दीपांशु का पीलीभीत की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था और इसी कारण वह पिछले तीन दिनों से शहर में रुका हुआ था।

पुलिस कर रही मामले की जांच

प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाह रहे थे, लेकिन पुलिस के समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग के चलते जहर खाने की बात सामने आई है।पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version