Jharkhand: चांडिल में जंगली हाथी का आतंक, चार घर तोड़े और खेतों में मचाई तबाही

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला चांडिल रेंज के गुंडा गांव का है, जहां तड़के करीब सुबह 4 बजे एक अकेला जंगली हाथी गांव में घुस आया और जमकर उत्पात मचाया।घटना के समय ग्रामीण गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक हाथी के गांव में घुसने से अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलकर भागने लगे।

चार घरों को किया पूरी तरह क्षतिग्रस्त

हाथी ने गांव के राधानाथ महतो, कृष्ण पद महतो, हरिपद महतो और मिलन महतो के घरों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा खेतों में लगी सब्जियों की फसल को भी रौंद डाला, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

ग्रामीणों ने साहस दिखाकर खदेड़ा

घटना के बाद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए मशाल जलाकर और शोर-शराबा कर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया। हालांकि घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग रात में काफी सतर्कता बरत रहे हैं।

वन विभाग से मुआवजे की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही से जान-माल का खतरा बना रहता है। वन विभाग की निगरानी के बावजूद हाथियों का आतंक कम नहीं हो रहा है। प्रभावित ग्रामीणों ने वन विभाग से मुआवजा देने और हाथियों के आतंक से स्थायी समाधान करने की मांग की है।

Exit mobile version