Jharkhand: बोकारो के चंद्रपुरा में स्कूल बस और ट्रक की टक्कर, एक दर्जन बच्चे घायल

बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में स्कूल बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में करीब एक दर्जन स्कूली बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना राजाबेड़ा के पास उस समय हुई जब बीआरएल डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारीदह की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
घायलों को डीवीसी अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे के बाद सभी घायल बच्चों को तुरंत डीवीसी अस्पताल चंद्रपुरा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद 6 बच्चों को बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर किया गया।
बच्चों की हालत खतरे से बाहर
चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। सीटी स्कैन में भी किसी प्रकार की गंभीर समस्या सामने नहीं आई है। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चों को माथे और छाती में चोटें आई हैं और दो-तीन दिनों में स्वस्थ होने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी।
डीसी अजय नाथ झा ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल बच्चों से मुलाकात की और चिकित्सकों से उनके इलाज की जानकारी ली।डीसी ने कहा कि लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक गाइडलाइन जारी की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों की स्थिति सुरक्षित होना सबसे राहत की बात है।
इन बच्चों का अस्पताल में चल रहा इलाज
बोकारो जनरल अस्पताल में जिन बच्चों को भर्ती कराया गया है, उनमें कुणाल कुमार, यक्षित चंद्रा, आदित्य कुमार, ओम कुमार, शिवम कुमार और तेजस कुमार शामिल हैं।



