Uttar Pradesh: पार्थ रिपब्लिक अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से रीयल एस्टेट कारोबारी के परिवार सहित 7 लोग फंसे, खिड़की से सीढ़ी लगाकर सुरक्षित निकाला

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कानपुर रोड स्थित दरोगा खेड़ा इलाके में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया। रीयल एस्टेट कारोबारी अजय रस्तोगी के तीन मंजिला अपार्टमेंट ‘पार्थ रिपब्लिक’ में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में कारोबारी, उनकी पत्नी और बच्चों समेत परिवार के 7 सदस्य और एक पालतू कुत्ता आग की लपटों और धुएं के बीच फंस गए थे। सरोजनीनगर पुलिस और फायर ब्रिगेड ने समय रहते मौके पर पहुँचकर सभी की जान बचा ली।

तड़के मची चीख-पुकार; लपटों ने घेरा मुख्य द्वार

घटना गुरुवार तड़के की है, जब अपार्टमेंट के दूसरे तल पर सो रहे अजय रस्तोगी और उनके परिवार की नींद धुएं और तपिश के कारण खुली। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को चपेट में ले लिया। मुख्य द्वार और जीने (सीढ़ियों) पर आग का कब्जा होने के कारण परिवार के पास बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा था। कारोबारी अजय रस्तोगी, पत्नी अनीता, बेटी शीतल, बेटे विनायक, भतीजी तन्नू और 6 वर्षीय विरानिका खिड़की के पास खड़े होकर मदद के लिए चीखने लगे। घबराहट में कुछ सदस्य ऊपर से कूदने को भी तैयार थे।

जांबाज रेस्क्यू: सीढ़ी लगाकर एक-एक को निकाला बाहर

सूचना मिलते ही सरोजनीनगर फायर स्टेशन के एफएसओ धर्मपाल सिंह और सरोजनीनगर थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस और फायर कर्मियों ने खिड़की पर खड़े डरे हुए परिवार को ढाढस बंधाया और उन्हें कूदने से मना किया।सीएफओ अंकुश मित्तल के नेतृत्व में हजरतगंज से हाइड्रोलिक प्लेटफार्म मंगवाया गया। दमकल कर्मियों ने ब्रीदिंग ऑपरेटस पहनकर आग के बीच प्रवेश किया। दमकल की सीढ़ियों को खिड़की तक पहुँचाया गया और एक-एक करके सभी 7 सदस्यों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस दौरान घबराहट में कूदी भतीजी तन्नू के पैर में मामूली चोट आई है।

3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

आग की तीव्रता को देखते हुए तीन दमकल वाहनों ने मोर्चा संभाला। लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। सीएफओ अंकुश मित्तल ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है।विभाग अब इस बात की पड़ताल कर रहा है कि इमारत में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे या नहीं।राजधानी पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई ने आज एक बड़े परिवार को उजड़ने से बचा लिया। स्थानीय निवासियों ने पुलिस और दमकल कर्मियों की बहादुरी की जमकर सराहना की है।

Exit mobile version