MI vs KKR: वानखेड़े में आज महामुकाबला; क्या 14 साल का सूखा खत्म कर पाएगी मुंबई इंडियंस?

मुंबई : इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का दूसरा मैच आज क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस अपने घर में कोलकाता नाइट राइडर्स की चुनौती का सामना करेगी। यह मैच न केवल दो दिग्गजों की भिड़ंत है, बल्कि आंकड़ों और इतिहास को बदलने की एक बड़ी जंग भी है।

मुंबई इंडियंस: 14 साल के शर्मनाक इतिहास को बदलने की चुनौती

मुंबई इंडियंस आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक है, लेकिन सीजन का ‘पहला मैच’ जीतना उनके लिए टेढ़ी खीर रहा है। एमआई ने आखिरी बार साल 2012 में सीजन का अपना पहला मैच जीता था। पिछले 14 सालों से टीम अपना ओपनिंग मैच हारती आ रही है हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम इस बार अपने घरेलू मैदान पर इस सूखे को खत्म कर इतिहास पलटने के इरादे से उतरेगी।

KKR का वानखेड़े में खराब रिकॉर्ड: क्या बदलेगी किस्मत?

आंकड़ों की बात करें तो वानखेड़े स्टेडियम में केकेआर का रिकॉर्ड मुंबई के खिलाफ बेहद निराशाजनक रहा है। कोलकाता ने इस मैदान पर मुंबई के खिलाफ अब तक 12 मैच खेले हैं, जिनमें से उन्हें केवल 2 मैचों (2012 और 2024) में जीत मिली है। खराब रिकॉर्ड के बावजूद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली केकेआर इस बार नए संतुलन के साथ मैदान पर उतरेगी।

‘सिक्सर किंग’ फिन एलन पर टिकीं सबकी निगाहें

इस मैच का सबसे बड़ा आकर्षण केकेआर के नए सलामी बल्लेबाज फिन एलन होंगे।फिन एलन ने साल 2026 में अब तक खेली महज 16 टी20 पारियों में 50 छक्के जड़े हैं, जो इस साल किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सर्वाधिक छक्के हैं। केकेआर ने एलन को केवल 2 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। अब देखना होगा कि मुंबई के पेस अटैक के सामने एलन का बल्ला कितना गरजता है।

मैच के ‘की-खिलाड़ी’

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह।

कोलकाता नाइट राइडर्स: सुनील नरेन, फिन एलन, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल।

Exit mobile version