छिंदवाड़ा : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम एक हृदय विदारक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो वाहनों के ड्राइवरों समेत 10 लोगों की मौत हो गई। नागपुर रोड पर सिमरिया के पास एक बस और पिकअप वाहन के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद बस पलट गई। इस हादसे में 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही थी बस
पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने बताया कि दुर्घटना जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर सिमरिया के पास हुई। बस मुख्यमंत्री के एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रही थी। टक्कर के वक्त बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे। चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि एक महिला और एक बच्चे का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया, वहीं कई यात्रियों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
राहत और बचाव कार्य: जबलपुर से बुलाई गई डॉक्टरों की टीम
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुँची। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल और नजदीकी चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जबलपुर से डॉक्टरों के एक विशेष दल को छिंदवाड़ा और नागपुर भेजा गया है ताकि गंभीर घायलों को बेहतर इलाज मिल सके। जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह को अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर तत्काल छिंदवाड़ा पहुँचने का निर्देश दिया गया है।
सीएम मोहन यादव ने जताया शोक; मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस घटना को ‘हृदय विदारक’ बताया और पीड़ितों के लिए सहायता राशि की घोषणा की जिसमे मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, गंभीर रूप से घायल को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी सभी घायलों का उपचार सरकारी खर्च पर किया जाएगा।भोपाल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक कंट्रोल रूम बनाया गया है जो घायलों के उपचार की सतत मॉनिटरिंग कर रहा है।
जांच शुरू: तेज रफ्तार और लापरवाही बनी वजह?
प्रशासन ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाही को माना जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या ओवरटेकिंग के चक्कर में यह भीषण भिड़ंत हुई। फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
