Jharkhand: पंडरा के विकास नगर में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, पत्थरबाजी और फायरिंग से दहला इलाका

रांची: राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर में गुरुवार को मामूली विवाद ने देखते ही देखते एक भीषण हिंसक रूप ले लिया। दो गुटों के बीच शुरू हुई बहस पत्थरबाजी और कथित फायरिंग तक जा पहुँची, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को बड़े पैमाने पर पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी है।

पत्थरबाजी से मची अफरा-तफरी, बंद हुईं दुकानें

चश्मदीदों के अनुसार, विवाद की शुरुआत सामान्य बहस से हुई थी, लेकिन देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। सड़क पर सरेआम ईंट और पत्थर चलने लगे, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों में भगदड़ मच गई। तनाव के बीच इलाके में गोलियां चलने की भी खबर सामने आई है, जिसने आग में घी का काम किया। डर के मारे दुकानदारों ने आनन-फानन में शटर गिरा दिए और लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: छावनी में तब्दील हुआ विकास नगर

घटना की सूचना मिलते ही पंडरा ओपी और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुँची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई वरिष्ट पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुँचे और मोर्चा संभाला। पुलिस ने दोनों गुटों को खदेड़कर अलग किया और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। किसी भी संभावित दोबारा टकराव को रोकने के लिए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। फिलहाल क्षेत्र में सन्नाटा पसरा है और पुलिस की गश्ती टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं।

“दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई” – प्रशासन

रांची पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी और क्या यह सुनियोजित था।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि पत्थरबाजी और उपद्रव करने वालों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा और चिन्हित कर जेल भेजा जाएगा।
रामनवमी के त्योहार से ठीक पहले हुई इस घटना ने पुलिस की चुनौतियां बढ़ा दी हैं, जिसके मद्देनजर पूरे रांची जिले में सतर्कता और बढ़ा दी गई है।

Exit mobile version