MP INFACTNews

Madhya Pradesh: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर बिल्डर से ₹15 करोड़ की फिरौती, ‘हरी बॉक्सर’ ने दी जान से मारने की धमकी

इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में एक बार फिर गैंगस्टर नेटवर्क की आहट से सनसनी फैल गई है। कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले आरोपी हरी बॉक्सर ने शहर के एक नामी बिल्डर को वीडियो कॉल और वॉइस मैसेज के जरिए धमकाते हुए 15 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया है।

वीडियो कॉल कर दी सीधी धमकी

मामला इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र का है। पीड़ित बिल्डर संजय जैन ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उन्हें एक अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल और वॉइस मैसेज प्राप्त हुए। कॉल करने वाले ने खुद की पहचान ‘हरी बॉक्सर’ के रूप में दी और दावा किया कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य है।आरोपी ने साफ तौर पर कहा कि यदि तय समय के भीतर 15 करोड़ रुपये नहीं दिए गए, तो उन्हें जान से हाथ धोना पड़ेगा।

पुलिस एक्शन मोड में: बिल्डर को मिली सुरक्षा

धमकी मिलने के तुरंत बाद बिल्डर ने पुलिस के आला अधिकारियों से संपर्क किया। पुलिस ने संजय जैन की जान को खतरा देखते हुए उन्हें तत्काल सुरक्षा मुहैया करा दी है।एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस की साइबर टीम कॉल और मैसेज के ओरिजिन (स्रोत) को ट्रैक कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया जा रहा है।

मध्य प्रदेश के कई कारोबारी ‘हरी बॉक्सर’ के निशाने पर

जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि हरी बॉक्सर केवल इंदौर ही नहीं, बल्कि प्रदेश के कई अन्य उद्योगपतियों को भी निशाना बना चुका है। इससे पहले इंदौर के महू (किशनगंज) थाना क्षेत्र में एक अस्पताल संचालक को भी इसी अंदाज में धमकी दी गई थी। पुलिस का मानना है कि आरोपी व्यापारियों में खौफ पैदा कर मोटी रकम वसूलने वाले एक संगठित सिंडिकेट का हिस्सा हो सकता है।

“हम हर पहलू की गहनता से जांच कर रहे हैं। इस तरह की गुंडागर्दी और धमकियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।” — राजेश दंडोतिया, एडिशनल डीसीपी, इंदौर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button