Uttar Pradesh:ईद की नमाज को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन से होगी निगरानी

लखनऊ: ईद की नमाज को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। शनिवार को शहर के प्रमुख नमाज स्थलों जैसे टीले वाली मस्जिद, इमामबाड़ा आसिफी मस्जिद और ऐशबाग ईदगाह सहित संवेदनशील इलाकों की ड्रोन से निगरानी की जाएगी। इन स्थलों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि शहर में 94 ईदगाह और 1200 से अधिक मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पूरे शहर को पांच जोन और 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सभी क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।उपायुक्त पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने पश्चिम क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों और नमाज स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान गलियों में अर्धसैनिक बल के साथ रूट मार्च भी किया गया। वहीं पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर, एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल और इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बाजारों और मेट्रो स्टेशनों पर चेकिंग अभियान चलाया। इसके अलावा सभी जोन में अधिकारियों और थानाप्रभारियों ने मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों में रूट मार्च कर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने मौलानाओं से मुलाकात कर उन्हें ईद की मुबारकबाद भी दी।

सुरक्षा व्यवस्था में तैनात बल

राजपत्रित अधिकारी – 15

अराजपत्रित अधिकारी – 1000

पीएसी – 14 कंपनी

एसएसबी – 1 कंपनी

सभी थानों का पुलिस बल

एंटी रोमियो स्क्वायड

पिंक पेट्रोल / 112

एलआईयू

सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी नजर

पुलिस उपायुक्त पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि ईद के मौके पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट डालकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उसे जेल भेजा जाएगा। इसके लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की आठ टीमें गठित की गई हैं, जो आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्ट में लगातार सक्रिय रहेंगी।

Exit mobile version