जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर के हृदय स्थल साकची में आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई उड़ान देने के उद्देश्य से ‘पलाश मार्ट’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने फीता काटकर इस केंद्र की शुरुआत की। यह मार्ट न केवल शुद्ध और हस्तशिल्प उत्पादों का केंद्र बनेगा, बल्कि जिले की हजारों ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार का एक सशक्त मंच भी साबित होगा।
आर्थिक सशक्तिकरण की ओर बढ़ता कदम
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। पलाश मार्ट के जरिए सखी मंडल की दीदियों द्वारा बनाए गए उत्पादों को अब बिचौलियों के बिना सीधे शहर के ग्राहकों तक पहुँचाया जा सकेगा। यहाँ मिलने वाले उत्पाद पूरी तरह प्राकृतिक और हस्तनिर्मित होंगे, जिससे शहरी ग्राहकों को भी उच्च गुणवत्ता वाली वस्तुएं मिलेंगी।
क्या-क्या मिलेगा पलाश मार्ट में?
जिला प्रशासन की निगरानी में संचालित इस मार्ट में ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पाद उपलब्ध रहेंगे जिसमें शुद्ध सरसों तेल, शहद, मसाले, दालें और स्थानीय व्यंजन,बांस से बनी कलाकृतियां, टेराकोटा के बर्तन और सजावटी सामान,खादी और स्थानीय बुनकरों द्वारा तैयार किए गए कपड़े।
आत्मनिर्भर झारखंड की दिशा में बड़ी पहल: कर्ण सत्यार्थी, उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम
प्रशासन का मानना है कि साकची जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में ‘पलाश मार्ट’ खुलने से ग्रामीण उत्पादों को बेहतर ब्रांडिंग और बड़ा बाजार मिलेगा। इससे न सिर्फ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि महिलाओं का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।यह पहल ग्रामीण महिलाओं की मेहनत को सही पहचान दिलाने की दिशा में एक मील का पत्थर है। हमारा प्रयास है कि हर हाथ को काम और हर उत्पाद को सही दाम मिले।”
