Uttar Pradesh: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दो दिवसीय दौरा आज से, जानें किन रास्तों पर रहेगा जाम और मंदिरों के दर्शन का समय

मथुरा/वृंदावन: महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से मथुरा और वृंदावन के दो दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था और वीवीआईपी मूवमेंट के कारण शहर की यातायात व्यवस्था में भारी बदलाव किए गए हैं। यदि आप अगले 48 घंटों में कान्हा की नगरी आने का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

इस्कॉन और प्रेम मंदिर में दर्शन का समय बदला

राष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान विभिन्न मंदिरों और आश्रमों में पूजा-अर्चना करेंगी।इस्कॉन मंदिर (वृंदावन) में 19 मार्च (गुरुवार) शाम 6 बजे राष्ट्रपति यहाँ दर्शन करेंगी। इस्कॉन के मीडिया प्रभारी रवी लोचन दास के अनुसार, राष्ट्रपति के आगमन के दौरान आम श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद रहेगा। दर्शन के बाद शाम 7 बजे से दोबारा प्रवेश शुरू होगा।प्रेम मंदिर में भी राष्ट्रपति के आगमन के दौरान आम जनता का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत ही श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

ट्रैफिक डायवर्जन: इन मार्गों पर जाने से बचें

वीवीआईपी मूवमेंट के कारण सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक शहर के कई प्रमुख मार्ग पूरी तरह बंद रहेंगे। बीते दिन भी नए बस स्टैंड से भूतेश्वर तक भारी जाम देखा गया।

प्रमुख प्रतिबंधित मार्ग:

मथुरा शहर के निम्नलिखित इलाकों में वाहनों (दो पहिया, चार पहिया, ई-रिक्शा और ऑटो) का प्रवेश वर्जित रहेगा जिसमे लक्ष्मीनगर और कृष्णापुरी क्षेत्र,एनसीसी तिराहा, टैंक चौराहा और स्टेट बैंक चौराहा,नया बस स्टैंड, भूतेश्वर तिराहा और मसानी और डीग गेट और भरतपुर गेट।

भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट

रोडवेज बसों और कमर्शियल वाहनों को शहर के भीतर आने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें एनएच-19 (NH-19) और जयगुरुदेव अंडरपास जैसे वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया है।

प्रशासन की तैयारी: चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा

राष्ट्रपति के तीन दिवसीय प्रवास (जिसमें 19 और 20 मार्च मुख्य हैं) को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जाम से बचने के लिए डायवर्जन प्लान का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर न निकलें।

“राष्ट्रपति की सुरक्षा सर्वोपरि है। हमने यातायात सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है, लेकिन वीवीआईपी रूट पर आम वाहनों का प्रवेश कार्यक्रम संपन्न होने तक बंद रहेगा।” — मथुरा पुलिस प्रशासन

Exit mobile version