लखनऊ : उत्तर प्रदेश के दो महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। राजधानी लखनऊ के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय और सुल्तानपुर के प्रधान डाकघर को आतंकी हमले की सूचना मिलते ही आनन-फानन में खाली कराया गया। घंटों चले सघन तलाशी अभियान के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
लखनऊ: दोपहर 2:10 बजे ‘सायनाइड बम’ धमाके की चुनौती
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के आधिकारिक ईमेल पर एक खौफनाक संदेश प्राप्त हुआ। इस ईमेल में दावा किया गया कि परिसर के भीतर गैस से भरे सायनाइड बम रखे गए हैं। ईमेल में स्पष्ट लिखा था कि टाइमर के अनुसार दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर विस्फोट होगा और पूरा ऑफिस उड़ जाएगा। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता , डॉग स्क्वायड और गोमतीनगर पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पूरे दफ्तर की चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
सुल्तानपुर: प्रधान डाकघर में मची अफरातफरी
उधर, सुल्तानपुर के प्रधान डाकघर में भी बुधवार सुबह करीब 11 बजे इसी तरह का एक धमकी भरा ईमेल मिला। पोस्टमास्टर सुरेंद्र कुमार चौबे ने तत्काल इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।सीओ सिटी सौरभ सामंत के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और करीब डेढ़ घंटे तक पूरी बिल्डिंग को खाली कराकर तलाशी ली गई।गहन चेकिंग के बाद यहाँ भी स्थिति सामान्य पाई गई। पुलिस अब इस फर्जी मेल को भेजने वाले के IP एड्रेस को ट्रेस करने में जुटी है।
सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर ‘फेक ईमेल’
इन दोनों घटनाओं के पीछे किसी शरारती तत्व या संगठित गिरोह का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। साइबर सेल की टीमें सक्रिय हो गई हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या दोनों ईमेल एक ही स्रोत से भेजे गए थे।
“हम इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। तकनीकी टीम आईपी एड्रेस की जांच कर रही है और फर्जी सूचना फैलाकर दहशत पैदा करने वालों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।” — पुलिस प्रवक्ता, उत्तर प्रदेश।
