मुंबई: शहर के एंटॉप हिल इलाके में 24 वर्षीय डेंटल मेडिकल छात्रा स्तुति सोनावने ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से छह पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें छात्रा ने अपने प्रेमी द्वारा लगाए जा रहे आरोपों से मानसिक रूप से परेशान होने की बात लिखी है।
माता-पिता के साथ रहती थी छात्रा
मृतक छात्रा स्तुति सोनावने नवी मुंबई के एक डेंटल कॉलेज में MDS (Master of Dental Surgery) की पढ़ाई कर रही थी और अपने माता-पिता व बहन के साथ एंटॉप हिल स्थित घर में रहती थी।परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आई तो परिवार को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो वह दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई मिली।परिजन तुरंत उसे सायन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को मिला छह पन्नों का सुसाइड नोट
घटना की सूचना मिलने के बाद मुंबई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी के दौरान छह पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया।सुसाइड नोट में छात्रा ने अपने प्रेमी मोहम्मद फैजुल खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने लिखा है कि उसका प्रेमी अक्सर उसके चरित्र पर शक करता था और भद्दे आरोप लगाता था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी।
रिश्ते में बढ़ते विवाद से थी परेशान
सुसाइड नोट के अनुसार, शुरुआत में दोनों के बीच संबंध अच्छे थे, लेकिन समय के साथ विवाद और झगड़े बढ़ने लगे।छात्रा ने लिखा कि वह अपने प्रेमी के प्यार में इस कदर डूबी हुई थी कि उसके ऑनलाइन डेटिंग साइट पर सक्रिय रहने को भी नजरअंदाज करती रही।
सुसाइड नोट में श्रद्धा वालकर हत्याकांड का जिक्र
सुसाइड नोट में चर्चित श्रद्धा वालकर हत्याकांड का भी जिक्र किया गया है।छात्रा ने लिखा कि उसके दोस्तों ने उसे कई बार चेतावनी दी थी कि उन्हें डर है कि कहीं उसका अंजाम भी वैसा न हो।गौरतलब है कि आफताब पूनावाला ने अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा वालकर की हत्या कर शव के टुकड़े कर फ्रिज में रख दिए थे और बाद में जंगलों में फेंक दिए थे। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था।
आरोपी प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक वरली निवासी मोहम्मद फैजुल खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है।फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर मामले की जांच कर रही है और परिवार तथा दोस्तों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
