
Sports Breaking: भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया है. वह टी20 वर्ल्ड के खिताब को तीन बार अपने नाम करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है. आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला आठ मार्च को भारत और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया. जहां भारतीय टीम 96 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल करने में कामयाब रही. भारत की तरफ से जीत के लिए मिले 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम की शुरूआत कुछ खास नहीं रही. तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर ही फिन एलन (09) आउट हो गए. इसके बाद कीवी टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए. हालांकि, इस बीच टिम साइफर्ट एक छोर पर बने रहे और लड़ाई जारी रखी. मगर दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिल पाने की वजह से उनका धैर्य भी जवाब दे गया. पांचवें बल्लेबाज के रूप में वह आउट हुए. आउट होने से पूर्व उन्होंने पारी का आगाज करते हुए कुल 26 गेंदों का सामना किया. इस बीच 200.00 की स्ट्राइक रेट से वह 52 रन बनाने में कामयाब रहे.
कैप्टन मिचेल सैंटनर ने हार में दिखाया हौसला
न्यूजीलैंड की तरफ से लक्ष्य का पीछा करते हुए साइफर्ट के अलावा कैप्टन मिचेल सैंटनर ही कुछ देर तक क्रीज पर टिक पाए. सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने कुल 22 गेंदों का सामना किया. इस बीच 154.54 की स्ट्राइक रेट से 34 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान उनके बल्ले से दो चौके और दो छक्के देखने को मिले.
अक्षर पटेल ने चटकाए सर्वाधिक तीन विकेट
भारत की तरफ से फाइनल मुकाबले में अक्षर पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने टीम के लिए कुल तीन ओवरों की गेंदबाजी की. इस बीच 9.00 की इकॉनमी से 27 रन खर्च करते हुए तीन विकेट चटकाने में कामयाब रहे. उनके अलावा हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती के खाते में क्रमशः एक-एक विकेट आए.
255 रन बनाने में कामयाब हुई थी भारत
इससे पहले अहमदाबाद में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाने में कामयाब हुई थी. पारी का आगाज करते हुए संजू सैमसन एक बार फिर से सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 46 गेंदों में 193.47 की स्ट्राइक रेट से 89 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से पांच चौके और आठ खूबसूरत छक्के देखने को मिले.



