Jharkhand: पोटका में बच्चा चोरी की अफवाह पर बवाल, ग्रामीणों ने दो ‘संदिग्धों’ को पीटा

पोटका (कोवाली): जमशेदपुर के ग्रामीण इलाकों में एक बार फिर बच्चा चोरी की अफवाह ने हिंसक रूप ले लिया है। कोवाली थाना अंतर्गत रसूनचोपा गांव में शनिवार सुबह ग्रामीणों ने दो संदिग्ध व्यक्तियों (एक युवक और एक युवती) को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर दोनों को भीड़ से बचाया और हिरासत में ले लिया है।

अफवाह और ग्रामीणों का आक्रोश

क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की खबरें सोशल मीडिया और चर्चाओं के माध्यम से तेजी से फैल रही हैं। शुक्रवार रात से ही रसूनचोपा और आसपास के गांवों में दो अनजान लोगों के घूमने की चर्चा थी। जब ग्रामीणों ने एक युवक और युवती को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा, तो उन्हें रोककर पूछताछ शुरू कर दी। सही जवाब न मिलने पर आक्रोशित भीड़ ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

पुलिस की कार्रवाई और खुलासा

घटना की जानकारी मिलते ही कोवाली थाना प्रभारी धनंजय पासवान दलबल के साथ रसूनचोपा पहुंचे और दोनों को सुरक्षित थाने ले आए। शुरुआती जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है।हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्ति चाईबासा क्षेत्र के रहने वाले हैं। प्राथमिक जांच में पता चला है कि दोनों मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं। उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।”
— धनंजय पासवान, थाना प्रभारी, कोवाली

क्षेत्र में लगातार बढ़ रही हैं ऐसी घटनाएं

पोटका और कोवाली क्षेत्र में अफवाहों के कारण आम लोगों और सर्वेयरों को निशाना बनाए जाने के मामले बढ़ रहे हैं।हाल ही में ढेंगाम हाट यहाँ भी बच्चा चोरी के शक में हंगामा हुआ था।कुछ दिनों पूर्व मानपुर पंचायत में ग्रामीणों ने एक सर्वेयर को बच्चा चोर समझकर बंधक बना लिया था।

प्रशासन की अपील: कानून हाथ में न लें

पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी बाहरी व्यक्ति को देखते ही पुलिस को सूचित करें। बच्चा चोरी की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी के साथ मारपीट कर कानून हाथ में न लें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

Exit mobile version