Bihar INFACTNews

Bihar: प्रेम प्रसंग में युवक की बेरहमी से हत्या, तालाब में मिला शव

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में अवैध संबंध के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। सिलाव थाना क्षेत्र के पांकी गांव में शनिवार की सुबह एक युवक का शव तालाब (खंदा) में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पांकी निवासी स्वर्गीय उपेंद्र राम के 30 वर्षीय पुत्र मनी कुमार के रूप में की गई है।

होली की रात शुरू हुआ था विवाद

मृतक की मां ने पुलिस को दिए बयान में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि होली की रात एक युवती दीवार फांदकर उनके घर में घुसी थी और मनी कुमार के साथ कमरे में बंद हो गई थी। बाद में युवती को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया था।

धमकी और हत्या का आरोप

परिजनों का आरोप है कि युवती के घर वालों ने उसी समय मनी कुमार को जान से मारने की खुली धमकी दी थी। मनी पिछले दो दिनों से लापता था और शनिवार को उसकी लाश गांव के पास ही तालाब में तैरती मिली।

डीएसपी ने की ‘अवैध संबंध’ की पुष्टि

घटना की सूचना मिलते ही सिलाव थाना पुलिस और राजगीर डीएसपी सुनील कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने माना है कि यह हत्या अवैध संबंधों के चलते प्रतिशोध में की गई है।

“प्रथम दृष्टया मामला अवैध संबंध के कारण हत्या का प्रतीत हो रहा है। मामले की गहराई से जांच के लिए (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को बुलाया गया है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”
सुनील कुमार, डीएसपी, राजगीर

पुलिस की कार्रवाई और तनाव

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। गांव में हत्या के बाद तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अब युवती के परिजनों से पूछताछ की तैयारी कर रही है ताकि हत्या के पीछे शामिल मुख्य आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button