Bihar INFACTNews

Bihar: मुजफ्फरपुर के राघव झुनझुनवाला बने यूपीएससी में 4TH टॉपर, बिहार का बढ़ाया मान

मुजफ्फरपुर: बिहार के मेधावी युवाओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य नामुमकिन नहीं है। मुजफ्फरपुर के राघव झुनझुनवाला ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 4th रैंक हासिल कर न केवल जिले का, बल्कि पूरे बिहार का मान देश स्तर पर बढ़ाया है।

तीसरे प्रयास में मिली ऐतिहासिक सफलता

राघव झुनझुनवाला को यह बड़ी उपलब्धि अपने तीसरे प्रयास में मिली है। पिता स्वर्गीय नवीन झुनझुनवाला और माता अंजू झुनझुनवाला के इकलौते बेटे राघव की इस सफलता से उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। राघव ने बताया कि असफलताओं से घबराने के बजाय उन्होंने अपनी कमियों पर काम किया, जिसका परिणाम आज सबके सामने है।

बचपन से ही था ‘टॉपर’ बनने का जुनून

राघव की प्रारंभिक शिक्षा मुजफ्फरपुर के एक निजी स्कूल से हुई। वे शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्हें 10वीं बोर्ड में 10 CGPA के साथ स्कूल टॉपर रहे।12वीं बोर्ड (वाणिज्य) में 97.5% अंकों के साथ पूरे बिहार में अपनी चमक बिखेरी। राजधानी दिल्ली के प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से 9.35 CGPA के साथ स्नातक की पढ़ाई पूरी की।

बचपन का संकल्प और दिल्ली का सफर

राघव बताते हैं कि उन्होंने स्कूल के दिनों में ही यूपीएससी की कठिन परीक्षा में बैठने और उसे पास करने का संकल्प ले लिया था। कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद वे अपने सपने को हकीकत में बदलने के लिए दिल्ली में रहकर तैयारी करने लगे। वाणिज्य संकाय से होने के बावजूद उन्होंने अपनी रणनीति और निरंतरता से देश की सबसे कठिन परीक्षा के टॉपर्स की सूची में अपनी जगह बनाई।

परिवार में खुशी की लहर

राघव की माता अंजू झुनझुनवाला ने कहा कि उनके बेटे ने हमेशा से पढ़ाई को प्राथमिकता दी और पिता के साये के बिना भी कभी अपने लक्ष्य से नहीं भटका। राघव अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता के अटूट विश्वास और शिक्षकों के मार्गदर्शन को देते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button