MP INFACTNews

Madhya Pradesh;15 साल पुराने बदले की आग में बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, आरोपी बोला- ‘पिता की मौत का बदला ले लिया’

भिंड: मध्य प्रदेश के भिंड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत विलाव गांव में बुधवार देर शाम प्रतिशोध और क्रूरता की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां 70 वर्षीय बुजुर्ग रामसिया यादव की कुल्हाड़ी से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी ने गांव में चिल्लाकर कहा कि उसने अपने पिता की मौत का बदला ले लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गोदन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

खेत में मिला खून से लथपथ शव

जानकारी के अनुसार, मृतक रामसिया यादव मंगलवार शाम अपनी बकरियां चराने के लिए बेसली नदी के किनारे स्थित खेत पर गए थे। जब वे देर रात तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों ने खेत में रामसिया का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा देखा। उनके शरीर पर कुल्हाड़ी के कई गहरे और जानलेवा घाव थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

शराब के नशे में विवाद और खूनी संघर्ष

बताया जा रहा है कि घटना के वक्त आरोपी गोदन सिंह अपने कुछ साथियों के साथ खेत के पास बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान बुजुर्ग रामसिया यादव से उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। नशे में धुत गोदन सिंह ने आपा खो दिया और पास रखी कुल्हाड़ी से बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया।

‘बदले’ की अजीब दास्तां: 15 साल पुराना है मामला

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी गोदन सिंह ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि करीब 15 साल पहले उसके पिता की हत्या हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, मृतक के परिजनों और नाती ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी के पिता की हत्या उसकी अपनी पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर की थी।मृतक रामसिया यादव या उनके परिवार का उस पुरानी घटना से कोई लेना-देना नहीं था।आरोपी लंबे समय से मनगढ़ंत बदले की भावना पाले हुए था।

पुलिस की कार्रवाई

ऊमरी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है कि क्या इस हत्याकांड में अन्य लोग भी शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button