बाढ़/पंडारक: बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक थाना क्षेत्र में चुनावी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प की खबर सामने आई है। यहाँ मोकामा विधायक अनंत सिंह के करीबी समर्थक सुबीर सिंह पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला किया गया है। घटना एनएच-31 स्थित पंडारक बाजार की है, जहाँ हमलावरों ने सुबीर सिंह को घेरकर बेरहमी से मारपीट की।
गला दबाकर हत्या की कोशिश
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, हमलावरों का इरादा सुबीर सिंह की जान लेना था। आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनका गला दबाकर हत्या करने की भी कोशिश की। बाजार जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुटने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
गंभीर हालत में पटना रेफर
घायल सुबीर सिंह को तुरंत स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है। उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
अनंत सिंह – सूरजभान सिंह: पुरानी रंजिश का आरोप
घायल के भाई अमित कुमार ने इस हमले के पीछे विधानसभा चुनाव की पुरानी खुन्नस को वजह बताया है।परिजनों का कहना है कि सुबीर सिंह का परिवार लंबे समय से अनंत सिंह का समर्थक रहा है, जो विरोधी गुट को रास नहीं आ रहा था। परिजनों ने सीधा आरोप लगाया है कि सूरजभान सिंह के रिश्तेदारों और उनके गुट के लोगों ने घात लगाकर यह हमला किया है।
पुलिस की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पंडारक थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।
