Jharkhand: सिल्ली अंचल का अमीन 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, जमीन के नक्शे के लिए मांगी थी घूस

लातेहार/सिल्ली: झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में एसीबी की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सिल्ली अंचल कार्यालय में पदस्थापित अमीन गणेश महतो को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अमीन जमीन की नापी की रिपोर्ट और नक्शा जारी करने के बदले पीड़ित से अवैध राशि की मांग कर रहा था।

ऑनलाइन आवेदन के बाद भी अड़ा दी थी ‘रिश्वत’ की अड़चन

जानकारी के अनुसार, वासुदेव महतो नामक व्यक्ति ने अपनी जमीन की मापी के लिए 16 दिसंबर 2025 को ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन की प्रक्रिया के बाद 10 फरवरी 2026 को अमीन गणेश महतो ने जमीन की नापी भी कर दी। लेकिन असली खेल नापी के बाद शुरू हुआ। आरोप है कि अमीन ने जमीन की नापी रिपोर्ट और संबंधित नक्शा उपलब्ध कराने के एवज में वासुदेव महतो से 8 हजार रुपये की मांग की।

एसीबी ने बिछाया जाल और धरा गया अमीन

रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर वासुदेव महतो ने इसकी शिकायत एसीबी से की। ब्यूरो ने प्रारंभिक जांच में पाया कि मामला सही है और रिश्वत की मांग की गई है। इसके बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।तय योजना के अनुसार, जैसे ही आरोपी अमीन गणेश महतो ने रिश्वत के 8 हजार रुपये हाथ में लिए, वहां सादे लिबास में तैनात एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ब्यूरो कार्यालय लाया गया, जहां भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

जनता से एसीबी की अपील

एसीबी के अधिकारियों ने इस सफल कार्रवाई के बाद आम जनता से अपील की है कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ इस लड़ाई में साथ दें। ब्यूरो ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी जायज काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो डरे नहीं। तुरंत इसकी सूचना एसीबी को दें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी और भ्रष्ट कर्मियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Exit mobile version