बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला यूट्यूबर को मदद का झांसा देकर पुलिस का एक हेड कांस्टेबल ही उसे प्रताड़ित करने लगा। जिस पुलिस पर सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसका चेहरा तब बेनकाब हुआ जब आरोपी सिपाही पीड़िता को आधी रात को ‘आई लाइक यू’ के मैसेज भेजने लगा और अकेले में मिलने का दबाव बनाने लगा। एसएसपी की कड़ाई के बाद आरोपी हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता बुलंदशहर के नगर क्षेत्र की रहने वाली है और इंस्टाग्राम पर डांस वीडियो बनाती है। मामले की शुरुआत तब हुई जब मोहम्मद फैज नाम के एक युवक ने युवती के वीडियो कॉपी कर गाली-गलौज के साथ पोस्ट किए।मनचले फैज की हरकतों से परेशान होकर युवती नगर कोतवाली पहुँची थी।नगर कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल कुलदीप भाटी को इस मामले की जांच सौंपी गई। लेकिन कार्रवाई करने के बजाय, कुलदीप भाटी खुद युवती को परेशान करने लगा।
आधी रात को मैसेज और शारीरिक संबंध का दबाव
पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय में अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि हेड कांस्टेबल कुलदीप भाटी ने उसका मोबाइल नंबर लेकर उसे निजी तौर पर परेशान करना शुरू कर दिया।आरोप है कि सिपाही युवती पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था।आरोपी सिपाही रात के समय उसे ‘आई लाइक यू’ जैसे मैसेज भेजता और अकेले में मिलने के लिए मजबूर करता था।जब युवती ने इसका विरोध किया, तो हेड कांस्टेबल ने आरोपी युवक फैज के परिजनों को युवती के घर भेज दिया, जिन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी।
एसएसपी का एक्शन: मुकदमा दर्ज और निलंबन
पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।आरोपी मनचले मोहम्मद फैज और पुलिसकर्मी कुलदीप भाटी दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।शुरुआती जांच में दोषी पाए जाने पर हेड कांस्टेबल कुलदीप भाटी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि विभागीय जांच के बाद आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो मिसाल बनेगी।
“आत्महत्या करने को मजबूर हूँ”
पीड़िता ने भावुक होकर बताया कि एक तरफ मनचला उसे परेशान कर रहा था और दूसरी तरफ पुलिसकर्मी की गंदी नीयत ने उसे तोड़ दिया। वह इस कदर मानसिक तनाव में थी कि आत्महत्या जैसा कदम उठाने के बारे में सोचने लगी थी।
