Jharkhand: भाजपा नेता आदित्य विक्रम जायसवाल ने थामा कांग्रेस का दामन, जेएलकेएम नेताओं की भी जॉइनिंग

रांची: झारखंड की सियासत में आज एक बड़ा फेरबदल देखने को मिला। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक भव्य मिलन समारोह में भाजपा और जेएलकेएम (JLKM) जैसे दलों के नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा नेता आदित्य विक्रम जायसवाल, जेएलकेएम के जवाहरलाल यादव और वीरेंद्र विक्रम ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुआ ‘मिलन’

4 फरवरी को आयोजित इस समारोह में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने नवागत सदस्यों का स्वागत किया। मंच पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव मौजूद रहे। सभी नए सदस्यों ने मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व में काम करने की शपथ ली।

आदित्य विक्रम जायसवाल की ‘घर वापसी’ से बढ़ी ताकत

प्रदेश प्रभारी के. राजू ने आदित्य विक्रम जायसवाल के शामिल होने को पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा आदित्य विक्रम की वापसी से रांची और आसपास के क्षेत्रों में संगठन को नई धार मिलेगी। कांग्रेस अपनी विचारधारा और सिद्धांतों के कारण आज भी आम जनता और नेताओं की पहली पसंद बनी हुई है।

सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ एकजुटता

प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने नवागत सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कांग्रेस देश में सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ एकमात्र मजबूत विकल्प है। उन्होंने जोर दिया कि जो लोग देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के संघर्ष में साथ आना चाहते हैं, उनके लिए कांग्रेस के दरवाजे हमेशा खुले हैं।

सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ली सदस्यता

समारोह में केवल बड़े नेता ही नहीं, बल्कि सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस का हाथ थामा। सदस्यता लेने वाले प्रमुख नामों में हीरालाल कुमार, सुमन कुमार, अजय कुमार, रवि, सोनू नायक, संजय भगत, अमित तिर्की, रिया देवी, प्रिय, उमाशंकर तिवारी, नितून, नौशाद अहमद, विमल टोप्पो, पंकज केशरी, रमेश साहु, आर्यन, रोशन साहु, भीम साव, नित्यानंद दूबे, रूबी देवी, कंचन कुमारी, सुहेल देवी, रोहित, अंकित और खुशी शामिल हैं।

Exit mobile version