Jharkhand: झारखंड-बिहार में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, रांची सहित कई जिलों में एकसाथ छापेमारी

रांची ।आयकर विभाग की अनुसंधान शाखा ने गुरुवार को झारखंड और बिहार के कई जिलों में एकसाथ व्यापक छापेमारी अभियान शुरू किया है। इस कार्रवाई के तहत राजधानी रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग सहित बिहार के कुछ प्रमुख इलाकों में इनकम टैक्स की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर जांच कर रही हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है।

बाबा राइस मील से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी

सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी बाबा राइस मील से जुड़े विभिन्न परिसरों में की जा रही है। आयकर विभाग को खुफिया इनपुट मिला था कि कुछ बड़े कारोबारी वास्तविक आय छुपाकर बड़े पैमाने पर कर चोरी कर रहे हैं।

रांची के कई इलाकों में एकसाथ दबिश

इनकम टैक्स की टीमों ने रांची के कई इलाकों में एकसाथ कार्रवाई की है, जिनमें कांके रोड,नगड़ी,हरमू,बरियातू,रातू रोड शामिल हैं। टीमों ने सुबह से ही संबंधित परिसरों को घेरकर दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है।

2026 में आयकर विभाग की पहली समन्वित बड़ी कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर पूरी तरह सुनियोजित तरीके से यह छापेमारी अभियान चलाया गया है। वर्ष 2026 में आयकर विभाग द्वारा की गई यह पहली बड़ी और समन्वित कार्रवाई मानी जा रही है।

जांच जारी, कारोबारियों के नाम सार्वजनिक नहीं

फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है। आयकर विभाग की ओर से अभी तक जांच के दायरे में आए व्यापारियों के नामों का खुलासा नहीं किया गया है। टीमों द्वारा जब्त किए गए दस्तावेज,डिजिटल डेटा,बैंक और वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है।

जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी आधिकारिक जानकारी

सूत्रों के मुताबिक, जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आयकर विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक बयान और विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी।

Exit mobile version