बोकारो: आपने प्यार में पागलपन की कई कहानियाँ सुनी होंगी, लेकिन बोकारो के हरला थाना क्षेत्र में जो हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया। एक सिरफिरा प्रेमी अपनी प्रेमिका को पाने की जिद में 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहां से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। घंटों चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस की सूझबूझ से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
फेसबुक पर शुरू हुई थी ‘लव स्टोरी’
टावर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान मध्य प्रदेश के गुना जिले के जौहरी गांव निवासी भोजराज चंदेल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, भोजराज की दोस्ती बोकारो के हरला निवासी युवती अंजलि से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और अगस्त महीने में युवती घर छोड़कर भोजराज के पास मध्य प्रदेश भी चली गई थी, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद किया था।
शादी से इनकार बना ‘सुसाइड ड्रामा’ की वजह
भोजराज अपनी प्रेमिका से शादी करने का प्रस्ताव लेकर बोकारो पहुंचा था। उसने युवती के परिजनों से बात की, लेकिन उन्होंने इस विवाह से साफ इनकार कर दिया। परिजनों की असहमति और मानसिक तनाव से आहत होकर भोजराज बसंती मोड़ स्थित मोबाइल टावर के शिखर पर जा बैठा।
खुद पुलिस को फोन कर बोला— ‘मैं कूद रहा हूँ’
हैरानी की बात यह है कि टावर पर चढ़ने के बाद युवक ने खुद इंटरनेट से हरला थाना प्रभारी का नंबर खोजा और उन्हें फोन कर जान देने की बात कही। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टावर इतना ऊंचा था कि नीचे खड़े लोगों की आवाज ऊपर तक नहीं पहुँच रही थी, इसलिए थाना प्रभारी खुर्शीद आलम ने फोन पर ही ‘काउंसलिंग’ शुरू की।
थाना प्रभारी की सूझबूझ ने टाला बड़ा हादसा
हरला थाना प्रभारी ने युवक से लगातार मोबाइल पर बात की और उसे भावनात्मक रूप से समझाते हुए नीचे उतरने के लिए मनाया। काफी मशक्कत और भरोसे के बाद युवक नीचे उतरा, जिसे तुरंत पुलिस ने हिरासत में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया।
युवक के आरोप और पुलिस की कार्रवाई
नीचे उतरने के बाद भोजराज ने युवती के पिता पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। उसका कहना था कि लड़की के परिजन उसके माता-पिता का सम्मान नहीं करते थे, जिससे वह तनाव में था।हरला थाना प्रभारी खुर्शीद आलम ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का है। युवक मध्य प्रदेश से शादी की मंशा लेकर आया था। फिलहाल उसे समझा-बुझाकर शांत कराया गया है और मामले को सुलझाने की कोशिश की जा रही है।
