Bihar: गणतंत्र दिवस पर स्कूल में होना था झंडोत्तोलन, पर फंदे से झूल गई बीपीएससी शिक्षिका

वैशाली: बिहार के वैशाली जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक बीपीएससी चयनित महिला शिक्षिका का शव उनके किराए के कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। यह घटना उस दिन हुई जब पूरा देश गणतंत्र दिवस मना रहा था और स्कूल में बच्चे अपनी शिक्षिका का इंतजार कर रहे थे। मृतका की पहचान प्रिया भारती के रूप में हुई है, जो खाजेचांद छपरा मध्य विद्यालय में कार्यरत थीं।

कमरे से बरामद हुआ सुसाइड नोट

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, जहाँ से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में प्रिया ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा है— “मम्मी-पापा सॉरी, मेरा किसी से भी कोई विवाद नहीं है। मैं स्वेच्छा से इस दुनिया से जा रही हूं।” हालांकि, प्रारंभिक जानकारी और स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, आत्महत्या की वजह पति के साथ चल रही कलह बताई जा रही है।

कैसे खुला मामला?

प्रिया भारती सेहान गांव में किराए का मकान लेकर रहती थीं और वहीं से रोजाना ऑटो से स्कूल जाती थीं। सोमवार (26 जनवरी) की सुबह करीब 8:30 बजे जब ऑटो ड्राइवर उन्हें लेने पहुंचा और कई बार आवाज दी, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर ड्राइवर ने शोर मचाया। आसपास के ग्रामीणों ने जब खिड़की से झांक कर देखा, तो प्रिया का शव फंदे से लटका हुआ था।

मासूम बेटी और बिलखता परिवार

प्रिया भारती की शादी महज दो साल पहले जनदाहा थाना क्षेत्र के रसूलपुर निवासी दीपक राज से हुई थी। उनकी मात्र तीन महीने की एक दुधमुंही बेटी है। जिस वक्त मां ने यह आत्मघाती कदम उठाया, मासूम बच्ची घर में ही थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। त्योहार और राष्ट्रीय पर्व की खुशियां एक पल में मातम में बदल गईं।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने सुसाइड नोट और मृतका का मोबाइल जब्त कर लिया है।

Exit mobile version