Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: जमशेदपुर की सड़कों पर उतरा जिला प्रशासन, रैली के जरिए दिया ‘सुरक्षित सफर’ का संदेश

जमशेदपुर: शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति संजीदा बनाने के लिए परिवहन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 1 जनवरी से 31 जनवरी तक चलने वाले ‘सड़क सुरक्षा माह’ के तहत आज जिला प्रशासन के नेतृत्व में एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

डीटीओ ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

जागरूकता रैली का शुभारंभ उपायुक्त (डीसी) कार्यालय परिसर से हुआ। जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने स्वयं उपस्थित रहकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई।

शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी रैली

उपायुक्त कार्यालय से शुरू होकर यह रैली शहर के व्यस्ततम इलाकों जैसे बिष्टुपुर, साकची और अन्य प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ परिवहन विभाग के कर्मी, मुस्तैद पुलिस जवान और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रतिभागी नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहे थे।

इन नियमों पर रहा विशेष जोर

रैली के दौरान ‘स्लोगन’ और ‘लाउडस्पीकर’ के माध्यम से नागरिकों को निम्नलिखित बुनियादी नियमों की जानकारी दी गई जिसमे दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य प्रयोग,कार चलाते समय हमेशा सीट बेल्ट लगाएं,ओवरस्पीडिंग (तेज गति) से बचें, क्योंकि गति जानलेवा हो सकती है,ड्रिंक एंड ड्राइव (नशे में वाहन चलाना) के खतरों के प्रति आगाह किया गया।

“नियमों का पालन कर बचाई जा सकती है जान” – डीटीओ

इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, “सड़क सुरक्षा माह का मूल उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की मानसिकता में बदलाव लाना है। यदि हर नागरिक यातायात नियमों को अपनी जिम्मेदारी समझे, तो अधिकांश घातक दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।”

समापन और अपील

शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करने के बाद रैली पुनः उपायुक्त कार्यालय परिसर में संपन्न हुई। जिला प्रशासन ने जमशेदपुर के तमाम नागरिकों से अपील की है कि वे न केवल स्वयं नियमों का पालन करें, बल्कि अपने परिवार और मित्रों को भी इसके लिए प्रेरित करें ताकि शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button