Jharkhand: झारखंड में टला बड़ा रेल हादसा, देवघर में ट्रेन व ट्रक की जोरदार टक्कर

देवघर/जसीडीह : हावड़ा-जसीडीह मुख्य रेल मार्ग के रोहिणी-नावाडीह रेलवे फाटक पर गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे एक बड़ा रेल हादसा होते-होते बचा। पटरी पार कर रहे एक ट्रक और तेज रफ्तार ट्रेन के इंजन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में न केवल ट्रक के परखच्चे उड़ गए, बल्कि ट्रक के नीचे दबकर दो मोटरसाइकिलें भी चकनाचूर हो गई हैं।
वीडियो ने खोली रेलवे के दावों की पोल
हादसे के बाद रेलवे प्रशासन भले ही ट्रक चालक की जल्दबाजी को जिम्मेदार ठहरा रहा हो, लेकिन घटनास्थल से सामने आए वीडियो ने सच उजागर कर दिया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि ट्रेन आने के वक्त रेलवे फाटक के दोनों ओर लगे ‘बूम बैरियर’ (फाटक) खुले हुए थे। फाटक बंद न होने के कारण लोग बेरोकटोक अपने वाहन लेकर पटरियां पार कर रहे थे, तभी अचानक सामने से ट्रेन आ गई।
टक्कर के बाद मचा हाहाकार, एक घंटे ठप रहा परिचालन
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक के साथ-साथ ट्रेन का इंजन भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद जसीडीह-हावड़ा रूट पर अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन करीब एक घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा।सूचना मिलते ही रेलवे के आला अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुँची।कड़ी मशक्कत के बाद ‘अप लाइन’ को बहाल किया गया, जबकि ‘डाउन लाइन’ पर खबर लिखे जाने तक मरम्मत कार्य जारी था।
लापरवाही का ‘रिपीट टेलीकास्ट’
स्थानीय लोगों में रेलवे के प्रति भारी आक्रोश है। गौर करने वाली बात यह है कि नवंबर 2024 में भी इसी फाटक पर ठीक ऐसा ही हादसा हुआ था, जिसमें एक कोच डिरेल (पटरी से उतरना) हो गया था। उस वक्त भी किसी की जान नहीं गई थी, लेकिन बार-बार हो रही इन घटनाओं से साफ है कि रेलवे प्रशासन पुराने हादसों से सबक नहीं ले रहा है।
जान पर भारी पड़ी लापरवाही
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक जब पटरी पर पहुँचा तभी ट्रेन का इंजन सामने आ गया। ट्रक के नीचे दो मोटरसाइकिलें दब गईं, जिन पर सवार लोग समय रहते कूदकर भागने में सफल रहे, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना में दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं जिनका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया है।
क्या कहते हैं अधिकारी?
रेलवे के अधिकारियों ने मामले में उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। हालांकि वे अभी भी ट्रक चालक की गलती की बात कह रहे हैं, लेकिन सीसीटीवी और वायरल वीडियो में गेट खुला होना रेलवे कर्मियों की भारी लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है। प्रशासन का कहना है कि गेटमैन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



