Bihar: पैसेंजर ट्रेन में महिला श्रद्धालुओं से लूटपाट, विरोध करने पर युवक को मारा चाकू

बक्सर : बिहार के दानापुर-बक्सर रेलखंड पर शनिवार की रात हथियारबंद अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया। अपराधियों ने मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान के लिए बक्सर जा रही एक पैसेंजर ट्रेन को निशाना बनाया और महिला श्रद्धालुओं के साथ लूटपाट की। विरोध करने पर एक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस घटना के बाद रेल यात्रियों में भारी दहशत का माहौल है।

वरुणा और बक्सर के बीच वारदात

जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात पैसेंजर ट्रेन जब वरुणा स्टेशन से खुली और बक्सर की ओर बढ़ रही थी, तभी पहले से घात लगाए हथियारबंद अपराधी एक कोच में घुस गए। अपराधियों ने ट्रेन में सवार करीब आधा दर्जन महिला श्रद्धालुओं को घेर लिया और उनके पास मौजूद नकदी, सोने के जेवर व मोबाइल छीनने लगे।

भाई ने किया विरोध तो अपराधियों ने मारा चाकू

लूटपाट के दौरान जब गोपालगंज जिले के विनोद मटियानी गांव निवासी सूरज ठाकुर उर्फ मंगरु ठाकुर (पिता- लक्ष्मण ठाकुर) ने अपनी परिजनों को बचाने और अपराधियों का विरोध करने का प्रयास किया, तो अपराधियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से सूरज लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी ट्रेन की रफ्तार धीमी होने का फायदा उठाकर अंधेरे में कूदकर फरार हो गए।

रेल महकमे में मंचा हड़कंप, जांच शुरू

घटना की गंभीरता को देखते हुए रविवार को रेल डीएसपी कंचन और दानापुर जीआरपी सर्किल इंस्पेक्टर सुधीर कुमार सिंह बक्सर पहुंचे और पीड़ितों से मामले की जानकारी ली।पुलिस घटनास्थल के आसपास और स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।घायल सूरज ठाकुर को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।रेल पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी है। संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठते सवाल

श्रद्धालुओं का कहना है कि मौनी अमावस्या जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर जब ट्रेनों में भारी भीड़ होती है, तब सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं थे? अपराधियों ने जिस तरह से इत्मीनान के साथ आधा दर्जन महिलाओं से लूटपाट की, उसने रेल पुलिस की गश्ती और सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version