Uttar Pradesh: डिंपल यादव ने दिल्ली में रामगोपाल संग काटा केक, लखनऊ में अखिलेश ने बीजेपी को 2027 के लिए दी ‘डिटेंशन सेंटर’ भेजने की चेतावनी

लखनऊ/दिल्ली: समाजवादी पार्टी (सपा) की वरिष्ठ नेता और सांसद डिंपल यादव ने गुरुवार को अपना 48वां जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर जहां दिल्ली में पारिवारिक गरिमा दिखी, वहीं लखनऊ में सपा मुख्यालय में इसे बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन और संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया। दिलचस्प बात यह है कि डिंपल यादव अपना जन्मदिन बसपा सुप्रीमो मायावती (15 जनवरी) के साथ साझा करती हैं।

दिल्ली में पारिवारिक जश्न, लखनऊ में कार्यकर्ताओं का उत्साह

डिंपल यादव ने अपना जन्मदिन दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर सादगी के साथ मनाया। डिंपल ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और रिश्ते में ससुर प्रो. रामगोपाल यादव की मौजूदगी में केक काटा। रामगोपाल यादव ने इस पल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर उन्हें आशीर्वाद दिया।

लखनऊ का नजारा

दूसरी ओर, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच अपनी पत्नी का जन्मदिन मनाते दिखे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर विशाल केक काटा और डिंपल यादव के दीर्घायु होने की कामना की। हालांकि, दिन भर अखिलेश और डिंपल अलग-अलग शहरों में रहे, लेकिन चर्चा है कि शाम को परिवार एक साथ सेलिब्रेट कर सकता है।

अखिलेश का तीखा हमला: “2027 में जनता भाजपा को डिटेंशन सेंटर भेज देगी”

जन्मदिन के जश्न के बीच अखिलेश यादव पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किए। अखिलेश ने कहा कि यूपी में स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद हो चुकी हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है। भाजपा जब भी कमजोर होती है, वह सांप्रदायिक कार्ड खेलने लगती है।उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “2027 के चुनाव की घोषणा होते ही बुलडोजर का पता नहीं चलेगा। प्रदेश की जनता भाजपा को डिटेंशन सेंटर भेजने की तैयारी कर चुकी है।”

सपा का ‘विजन 2027’: महिलाओं को 40 हजार सालाना

अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए लोक-लुभावन वादों का पिटारा भी खोला। उन्होंने घोषणा की कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर हर महिला को सालाना 40,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। गरीबों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह मुफ्त और आधुनिक बनाया जाएगा।सपा सकारात्मक राजनीति करते हुए विकास, नौकरी और युवाओं के रोजगार पर ध्यान केंद्रित करेगी।

Exit mobile version